Himachal Weather: हिमाचल प्रदेश में बीते एक सप्ताह से मौसम साफ बना हुआ था, लेकिन अब एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है.मौसम विभाग के अनुसार 22 दिसंबर से प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में 25 दिसंबर तक घना कोहरा छाया रह सकता है.
प्रदेश के ऊपरी इलाकों में रविवार को मौसम में बदलाव देखा गया. रोहतांग दर्रा, अटल टनल रोहतांग और शिंकुला दर्रे पर हल्की बर्फबारी दर्ज की गई. वहीं राजधानी शिमला, कुल्लू और मनाली समेत कई क्षेत्रों में आसमान में बादल छाए रहे. दूसरी ओर बिलासपुर और ऊना में घना कोहरा छाया रहा, जबकि मंडी में हल्का कोहरा देखने को मिला. प्रदेश के 25 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया.
22 दिसंबर को ऑरेंज अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप शर्मा के अनुसार आगामी दिनों में मौसम फिर बिगड़ सकता है. 22 दिसंबर को किन्नौर और लाहौल-स्पीति के एक-दो स्थानों पर मध्यम से तेज बर्फीली हवाएं चलने की संभावना है, जिसके चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
इस दौरान लाहौल-स्पीति, चंबा और किन्नौर जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है. वहीं किन्नौर, कांगड़ा, मंडी, शिमला और कुल्लू जिलों के कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई गई है. मैदानी क्षेत्रों में 22 से 25 दिसंबर तक बिलासपुर के भाखड़ा बांध क्षेत्र और मंडी की बल्ह घाटी में सुबह व देर रात घना कोहरा छाए रहने की आशंका है.
तापमान में आएगी गिरावट
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों में निचले और मध्य पहाड़ी इलाकों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिर सकता है. इसके बाद अगले 3 से 4 दिनों में प्रदेश भर में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है. 27 दिसंबर तक अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने की संभावना है.
कहां कितना रहा तापमान
प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में माइनस 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. ताबो में न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री रहा। राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और अधिकतम 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं सोलन में अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा.