इज्जत के नाम पर दरिंदा बना पिता! 7 महीने की गर्भवती बेटी की बाप ने की हत्या

Pregnant Woman Killed By Family: कर्नाटक के हुबली तालुक से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. जानकारी के अनुसार, दूसरी जाति में शादी करने के कारण सात महीने की गर्भवती महिला की उसके पिता और रिश्तेदारों ने हत्या कर दी. पुलिस ने इस मामले में पिता सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. मृतका की पहचान 20 वर्षीय मान्या पाटिल के रूप में हुई है. गिरफ्तार आरोपियों में उसके पिता प्रकाश पाटिल और रिश्तेदार एरन्ना पाटिल तथा अरुण शामिल हैं. धारवाड़ के पुलिस अधीक्षक गुंजन आर्य ने बताया कि यह घटना रविवार शाम हुबली तालुक के इनाम वीरापुरा गांव में हुई.

हमले में महिला के साथ सास-ससुर भी हुए घायल
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने मान्या पर उसके ससुराल में हमला किया जिससे उसे गंभीर चोटें आईं. हमले में मान्या के सास-ससुर भी घायल हो गए. मान्या को अस्पताल ले जाया गया जहां उसने रात करीब 9.30 बजे दम तोड़ दिया. घटना के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर प्राथमिकी दर्ज की और जांच शुरू कर दी. जांच में सामने आया है कि लिंगायत समुदाय से ताल्लुक रखने वाली मान्या पाटिल ने दलित समुदाय के विवेकानंद से विवाह किया था. दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे और पढ़ाई के दौरान एक-दूसरे के संपर्क में आए थे.

19 जून को दोनों ने हुबली के रजिस्ट्रार कार्यालय में शादी की थी. शादी के बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव बढ़ गया था. पुलिस ने पहले भी दोनों पक्षों को बुलाकर समझाया था. बाद में दंपती हावेरी चले गए थे और 8 दिसंबर को गांव लौटे थे, यह मानते हुए कि मान्या के गर्भवती होने के कारण परिवार उनका रिश्ता स्वीकार कर लेगा. हालांकि, विवाद फिर से बढ़ गया. पुलिस का कहना है कि इसके बावजूद मान्या के पिता और रिश्तेदारों ने कथित तौर पर उसके घर में घुसकर हमला किया. हमले में मान्या के पति विवेकानंद बाल-बाल बच गए, जबकि उनके माता-पिता का इलाज अस्पताल में चल रहा है. पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.