साहिबाबाद। मथुरा के बाद कौशांबी डिपो से मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद समेत अन्य शहरों के लिए आठ ई-बस का संचालन आज से (मंगलवार से) शुरू होगा। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने इन रूट पर बसों को चलाने की तैयारी पूरी कर ली है और किराया भी तय कर दिया गया है। कौशांबी डिपो से इससे पहले मथुरा के लिए चार बसों का संचालन शुरू किया गया था। इनमें से फिलहाल दो बसें मथुरा के लिए जा रही हैं।
साहिबाबाद डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक राजेश कुमार ने बताया कि मुजफ्फरनगर के लिए कश्मीरी गेट से तीन बसों को चलाया जाएगा। इनमें कश्मीरी गेट से सुबह आठ बजे पहली बस रवाना होगी। इसके बाद दूसरी बस दोपहर 12 बजे और तीसरी बस दोपहर डेढ़ बजे रवाना होगी। इसके अलावा कौशांबी से मुरादाबाद के लिए दो बसों का संचालन होगा।
पहली बस सुबह सवा नौ बजे रवाना होगी जबकि दूसरी बस पौने 10 बजे कौशांबी डिपो से निकलेगी। इसके अलावा कश्मीरी गेट से कोटद्वार के लिए भी एक बस चलेगी। यह कश्मीरी गेट से सुबह साढ़े नौ बजे रवाना होगी। कौशांबी डिपो से नजीबाबाद के लिए शाम के समय दो ई-बस चलाई जाएंगी।
इनमें पहली बस शाम छह बजे और दूसरी बस पौने सात बजे रवाना होगी। उन्होंने बताया कि इन सभी रूट पर ई-बसों का लाभ लोगों को मिलेगा। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि कौशांबी डिपो पर एक चार्जिंग स्टेशन की शुरुआत भी की गई है।