Bihar Weather: बिहार में ठंड का प्रचंड प्रकोप, कोल्ड वेव और घने कोहरे का अलर्ट जारी

पटना: बिहार में कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में बीते एक सप्ताह से ‘कोल्ड डे’ जैसी स्थिति बनी हुई है। धूप न निकलने के कारण दिन में भी ठिठुरन महसूस की जा रही है। मौसम विभाग ने पूरे बिहार के लिए कोल्ड वेव और घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कई जिलों में न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जा रहा है।

आज से चलेगी शीतलहर
मौसम विभाग के अनुसार 25 से 29 दिसंबर के बीच राज्य के कई जिलों में शीतलहर चलने की संभावना है। अगले चार से पांच दिनों तक तापमान में खास बदलाव के आसार नहीं हैं। बीते 24 घंटों में बिहार का न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजधानी पटना में पारा 11 डिग्री तक गिर गया। गया और बोधगया समेत कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा, जहां दृश्यता घटकर महज 50 मीटर तक पहुंच गई।

कोल्ड डे से राहत की उम्मीद नहीं
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का सीधा असर बिहार के मौसम पर पड़ रहा है। जब तक हवा की दिशा में बदलाव नहीं होता, तब तक ठंड और कोहरे से राहत मिलना मुश्किल है। 29 दिसंबर तक शीत दिवस की स्थिति बने रहने और न्यूनतम व अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहने का अनुमान है।

फरवरी तक बनी रह सकती है ठिठुरन
मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 1 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी संभव है, लेकिन न्यूनतम तापमान स्थिर रहने से ठंड से पूरी राहत नहीं मिलेगी। समुद्र तल से करीब 12.6 किलोमीटर ऊंचाई पर सक्रिय पछुआ जेट स्ट्रीम और पहाड़ों पर बर्फबारी के कारण बिहार में ठंडी हवाओं का असर बढ़ा हुआ है। ‘ला नीना’ प्रभाव के चलते इस बार ठंड का दौर लंबा खिंचने की संभावना है और फरवरी तक शीतलहर का असर बना रह सकता है।

जनजीवन पर गहरा असर
घने कोहरे और लगातार कोल्ड डे के कारण आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। कई ट्रेनों का परिचालन घंटों की देरी से हो रहा है, जबकि कई उड़ानें रद्द या डायवर्ट की गई हैं। सड़कों पर दृश्यता घटकर 50 मीटर से भी कम रह जाने के कारण सड़क दुर्घटनाओं में भी इजाफा हुआ है। हालांकि, बुधवार को पटना में हल्की धूप निकलने से लोगों को नाममात्र की राहत जरूर मिली, लेकिन ठंड का असर अब भी बरकरार है।

भागलपुर रहा सबसे ठंडा
राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस भागलपुर के सबौर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस मधुबनी में रिकॉर्ड हुआ। घने कोहरे के कारण सुबह के समय सबसे कम दृश्यता 50 मीटर गयाजी में दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी सुबह और देर रात घने कोहरे की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 29 दिसंबर तक बिहार में ठंड और कोहरे से किसी बड़ी राहत की उम्मीद नहीं है।