3 बदमाशों के पैर में पुलिस ने मारी गोली, मुजफ्फरनगर में ट्रांसफार्मर चोर गिरोह से मुठभेड़

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के शाहपुर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात करीब 2 बजे पुलिस और ट्रांसफार्मर व हाईटेंशन लाइन के तार चोर गिरोह के सक्रिय सदस्यों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिससे वे घायल हो गए। पुलिस ने मौके से चोरी का भारी मात्रा में कॉपर, बिजली का तार, एक कार और अवैध हथियार बरामद किए हैं।

जानिए पूरा मामला… बुढ़ाना के सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि शाहपुर थाना पुलिस सोमवार रात करीब 2 बजे मुजफ्फरनगर रोड पर स्वाति हॉस्पिटल के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान वहां दो संदिग्ध कारें एक होंडा सिटी और दूसरी सेंट्रो आती दिखाई दीं। पुलिस ने दोनों कारों को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक नहीं रुके और तेज रफ्तार में गांव निरमाना की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने तुरंत दोनों कारों का पीछा किया। होंडा सिटी कार में सवार तीन-चार बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे, जबकि सेंट्रो कार को पुलिस ने घेर लिया। खुद को घिरा देख सेंट्रो सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली तीनों बदमाशों के पैर में लगी।

घायल बदमाश को पुलिस ने किया गिरफ्तार। तीनों बदमाश घायल, आरोपियों के इतिहास उजागर घायल बदमाशों की पहचान फुगाना निवासी नीरज पुत्र राजवीर, खालापार थाना क्षेत्र के गांव वहलना निवासी अनिल कुमार और भोपा थाना क्षेत्र के गांव मोरना निवासी आरिफ के रूप में हुई है। सीओ ने बताया कि नीरज फुगाना थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में करीब दो दर्जन गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। अनिल के खिलाफ भी आधा दर्जन से अधिक और आरिफ के खिलाफ भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ट्रांसफार्मरों से चोरी किया गया करीब डेढ़ क्विंटल कॉपर, हाईटेंशन लाइन का लगभग 200 मीटर विद्युत तार, एक सेंट्रो कार और अवैध हथियार बरामद किए हैं। तीनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस फरार बदमाशों की तलाश में दबिश दे रही है।