मुजफ्फरनगर में अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के खतौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत गंग नहर कांवड़ पटरी मार्ग पर सोमवार देर शाम एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की पहचान अभिषेक (20) वर्ष पुत्र विजयपाल, निवासी मोहल्ला बालाजीपुरम, खतौली के रूप में की है।

जानकारी के अनुसार, अभिषेक सोमवार देर शाम अपनी बाइक से कहीं जा रहा था। जैसे ही वह गंग नहर कांवड़ पटरी मार्ग पर पहुंचा, पीछे से आए एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद अभिषेक बाइक समेत सड़क पर गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने घायल युवक को तत्काल खतौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। हालांकि, चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी दिनेश चंद्र बघेल ने बताया कि हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि जल्द ही वाहन चालक को चिन्हित कर हिरासत में लिया जा सके और सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।

थाना प्रभारी ने यह भी बताया कि जिले में ‘नो हेलमेट, नो हाईवे’ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसके बावजूद लोग बिना हेलमेट के हाईवे और कांवड़ पटरी मार्गों पर तेज गति से दुपहिया वाहन चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि मृतक युवक ने हेलमेट पहना होता तो संभवतः उसकी जान बच सकती थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।