बिहार की राजनीति में लालू प्रसाद यादव के बेटे तेज प्रताप एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। उनके एनडीए में शामिल होने की अटकलों ने फिर एक बार जो पकड़ लिया है। ऐसा इसलिए क्योंकि मंगलवार को तेज प्रताप यादव डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा के न्योते पर आयोजित दही-चूड़ा के भोज में पहुंचे। जिसके बाद बिहार में फिर यह बात शुरू हो गई कि क्या तेज प्रताप जल्द ही एनडीए का हिस्सा बनेंगे।
विजय सिन्हा के दही चूड़ा भोज में पहुंचे तेज प्रताप
दरअसल, मकर संक्रांति से पहले पटना में डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने पारंपरिक भोज का आयोजन किया, जिसमें बिहार की राजनीति से जुड़े कई प्रमुख नेता शामिल हुए। इस कार्यक्रम में जनशक्ति जनता दल के नेता और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने भी मौजूदगी दर्ज कराई। खास बात यह थी कि उन्हें आमंत्रण स्वयं विजय कुमार सिन्हा की ओर से दिया गया था। इस आयोजन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान समेत एनडीए के अनेक वरिष्ठ नेता भी पहुंचे। दही-चूड़ा के पारंपरिक व्यंजन के साथ हुए इस मिलन समारोह को राजनीतिक हलकों में आपसी सद्भाव और संवाद के सकारात्मक संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
अभी से मैं यह क्यों बताऊं- भाजपा में शामिल होने की बात पर तेज प्रताप
दही-चूड़ा भोज में पहुंचे लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने इस मौके पर विजय सिन्हा द्वारा दिए गए तिलकुट को खाकर उन्हें मकर संक्रांति की बधाई दी। इतना ही नहीं, तेज प्रताप यादव ने यहां कुछ ऐसा कहा जिसने उनके सियासी भविष्य को लेकर बड़े संकेत दिए हैं। तेज प्रताप ने कहा कि मकर संक्रांति के भोज में नया कुछ हो जाता है मैं अपना धर्म निभाने आया हूं। मैं घूमता-फिरता रहता हूं। वहीं, जब उनसे भाजपा या एनडीए में शामिल होने को लेकर पूछा गया तो तेज प्रताप यादव ने साफ तौर पर मना नहीं किया। उल्टा तेज प्रताप यादव ने कहा अगर भाजपा में शामिल होने की बात होगी तो मैं खुद मीडिया को सूचित करूंगा। इस दौरान मुस्कुराते हुए उन्होंने यह भी कहा कि अभी यह बात मैं क्यों बताऊं।