वैष्णो देवी में भूस्खलन से मुजफ्फरनगर के युवक की मौत:एक ही परिवार के 4 लोग घायल

मुजफ्फरनगर। जम्मू-कश्मीर के कटरा स्थित मां वैष्णो देवी धाम में भूस्खलन से एक श्रद्धालु की मौत हो गई। मुजफ्फरनगर के रामलीला टिल्ला आबकारी मोहल्ले से माता के दर्शन के लिए गया कश्यप परिवार हादसे का शिकार हुआ। सोमवार देर रात पहाड़ों में लैंड स्लाइडिंग (भूस्खलन) की चपेट में आने से परिवार के पांच सदस्य घायल हो गए। इनमें से कार्तिक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि चार अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हैं।

परिवार के लोग तीन दिन पूर्व मुजफ्फरनगर से जम्मू यात्रा के लिए रवाना हुए थे। बताया जा रहा है कि दर्शन करने के बाद जब परिवार कटरा से नीचे उतर रहा था। तभी अचानक पहाड़ी से पत्थर गिरने लगे और परिवार सीधा उसकी चपेट में आ गया। हादसा इतना तेज था कि कार्तिक को गंभीर चोटें आईं। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन डॉक्टरों ने उसे बचाने की हरसंभव कोशिश के बावजूद मृत घोषित कर दिया।

घायल परिवार के अन्य सदस्यों में मिंटू कश्यप (46), संगीता (40) , उमंग (25) और वैष्णवी (16) शामिल हैं। सभी की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें जम्मू के अस्पताल में इलाज दिया जा रहा है। परिजनों का कहना है कि यह यात्रा श्रद्धा से शुरू हुई थी, लेकिन किसी ने सोचा भी नहीं था कि इस तरह का दुखद हादसा हो जाएगा।

हादसे की जानकारी मिलते ही उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल मृतक कार्तिक के मुजफ्फरनगर स्थित घर पहुँचे। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल मनोज सिन्हा से फोन पर बात कर घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और घायलों का पूरा इलाज कराया जाएगा।

मृतक कार्तिक के चाचा बाबूराम ने बताया, हमारे परिवार के लोग बड़ी श्रद्धा के साथ माँ वैष्णो देवी के दर्शन करने गए थे। परंतु लैंडस्लाइडिंग ने सब कुछ तहस-नहस कर दिया। कार्तिक बहुत होनहार और मेहनती था। परिवार उसकी मौत से पूरी तरह टूट गया है।

राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने भी शोक संवेदना प्रकट करते हुए कहा, यह घटना बेहद दुखद है। सरकार मृतक के परिवार के साथ खड़ी है। मैंने जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल से व्यक्तिगत रूप से बात कर सभी घायलों के उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.