मुंबई में बन रहे ‘बिहार भवन’ को लेकर क्यों हो रहा बवाल? राज ठाकरे की पार्टी के नेता ने दी चेतावनी

मुंबई: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के नेता और नवनिर्वाचित कॉर्पोरेटर यशवंत किल्लेदार ने मंगलवार को मुंबई में बिहार भवन के निर्माण को रोकने का एलान किया. बिहार सरकार मुंबई में कैंसर रोगियों के लिए 240 बिस्तरों वाले छात्रावास के साथ एक 30 मंजिला इमारत बनाने की योजना बना रही है. राज ठाकरे के नेतृत्व वाली एमएनएस ने उत्तर भारतीयों के प्रति अपने कड़े रुख को दोहराते हुए इस परियोजना का विरोध किया है.

किल्लेदार ने तर्क दिया कि महाराष्ट्र इस वक्त किसानों के संकट, महंगी शिक्षा, महंगाई और बेरोजगारी जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है. उन्होंने 314 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिहार सरकार को यह पैसा अपने राज्य में ही खर्च करना चाहिए.

एमएनएस नेता ने कहा कि मुंबई में बिहार भवन के निर्माण की अनुमति कतई नहीं दी जाएगी.