नई दिल्ली। देश की पहली सरकारी कैब टैक्सी सेवा ‘भारत टैक्सी’ (Bharat Taxi) 5 फरवरी, 2026 को आधिकारिक तौर पर नई दिल्ली में शुरू हो गई है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एप लॉन्च करते हुए कहा- इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि ड्राइवरों को कोई कमीशन नहीं देना होगा और वे खुद इस प्लेटफॉर्म के हिस्सेदार, यानी मालिक होंगे। वहीं यात्रियों को कम किराए में सफर मिलेगा और पीक आवर्स में भी किराया नहीं बढ़ेगा।
भारत टैक्सी ‘सारथी ही मालिक’ की सोच पर आधारित है, जिसमें गाड़ी चलाने वाला ड्राइवर ही प्लेटफॉर्म का मालिक है, न कि कोई बड़ी कंपनी। इस सेवा का उद्देश्य ओला-उबर जैसी निजी कंपनियों की मनमानी पर लगाम लगाना है। भारत टैक्सी का ट्रायल नई दिल्ली और गुजरात के राजकोट में किया गया था, जो सफल रहा।
भारत टैक्सी कैसे काम करता है?
भारत टैक्सी एप पर ड्राइवर खुद को रजिस्टर कर लेते हैं। जब कोई सवारी एप के जरिए टैक्सी बुक करती है तो पास में मौजूद ड्राइवर को राइड मिलती है। राइड पूरी होने के बाद किराया सीधे ड्राइवर के बैंक खाते में जाता है, न कि किसी कंपनी के वॉलेट में। यही वजह है कि इस मॉडल में ड्राइवर सिर्फ कर्मचारी नहीं, बल्कि प्लेटफॉर्म के हिस्सेदार होते हैं।
भारत टैक्स के दो एप हैं-
सवारियों के लिए Bharat Taxi – Cab, Auto & Bike एप है।
यात्री इस एप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर आसान तरीके से रजिस्टर कर सकते हैं।
एप में मोबाइल नंबर डालते ही OTP आता है, जिसे भरने पर नंबर वेरिफाई हो जाता है।
इसके बाद यात्री को अपना नाम दर्ज करना होता है।
रजिस्ट्रेशन पूरा होते ही एप के जरिए कैब, ऑटो या बाइक बुक की जा सकती है।
कैसे जुड़ सकते हैं ड्राइवर?
गूगल प्ले स्टोर से Bharat Taxi Driver एप डाउनलोड करें।
फिर अपना नंबर डालें। OTP से वेरिफाई करें।
आधार कार्ड और पैन कार्ड जैसे पहचान-पत्र अपलोड करें।
वैध कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस (CDL) अपलोड करें, जिसमें नाम और फोटो साफ दिखाई दें।
जिस वाहन को चलाएंगे, उसके आरसी, बीमा (इंश्योरेंस) और पीयूसी से जुड़े कागजात अपलोड करें।
बैंक डिटेल भरे और वेरिफाई करें ताकि आपकी कमाई सीधे आपके खाते में जा सके।
कुछ मामलों में ड्राइवर का बैकग्राउंड/पुलिस वेरिफिकेशन हो सकता है।
इसके बाद आप राइड उठा सकते हैं।
भारत टैक्सी सेवा अभी कहां-कहां चालू है?
भारत टैक्सी सेवा की शुरुआत दिल्ली-NCR में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर की गई है। इसके बाद मुंबई, पुणे, भोपाल, लखनऊ, जयपुर जैसे बड़े शहरों में सेवा शुरू की जाएगी।
ओला-उबर से कैसे अलग है?
भारत टैक्सी का मॉडल ओला-उबर से एकदम अलग है। यहां न कोई कमीशन लगता है और न सर्ज प्राइसिंग। ओला-उबर में कंपनी मालिक होती है, ड्राइवर सिर्फ काम करता है।