नूँह. हरियाणा के नूंह जिले के पिनगवां थाना क्षेत्र के गांव पापड़ा में एक 20 वर्षीय युवक शोएब की संदिग्ध मौत मामले में पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. शुरुआत में इसे खुदकुशी माना जा रहा था, लेकिन मृतक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. आरोपी फरार बताए जा रहे हैं और परिवार ने गिरफ्तारी तक शव लेने से इनकार कर दिया है.
दरअसल, 4 फरवरी को रात करीब 12 बजे, गांव रहपुआ निवासी शोएब खान (20) पिता दीन मोहम्मद के पास एक फोन कॉल आई. शिकायत के अनुसार यह कॉल काली पुत्री जमील के मोबाइल से थी, जिससे सोयब की अक्सर बातें होती रहती थीं, पिता दीन मोहम्मद का आरोप है कि काली ने साजिश रचकर सोयब को बुलाया, जहां जमील पुत्र हसन मोहम्मद, नासिर पुत्र जमील, सद्या पत्नी जमील और कुछ अन्य लोगों ने मिलकर उसकी निर्मम हत्या कर दी.
इसके बाद शव को पेड़ पर मफलर से फंदा लगाकर लटका दिया गया, ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके. अगले दिन 5 फरवरी को सुबह करीब 8 बजे, शोएब के भाई साकिर को एक परिचित का फोन आया, जिसमें बताया गया कि सोयब गांव पापड़ा में एक पेड़ से लटका हुआ है. परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे तो शव जमीन पर पैर टिके हुए मुड़े अवस्था में लटका मिला. पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल मांडीखेड़ा अस्पताल भेजा गया.
पुनहाना डीएसपी जितेंद्र राणा ने बताया कि जंगल में शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. घटनास्थल का निरीक्षण किया, जहां मृतक के गले में मफलर, एक जोड़ी चप्पल, दो मोबाइल फोन और पांच गोलियां बरामद की गईं. शव को पोस्टमार्टम के लिए मांडीखेड़ा अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया. दीन मोहम्मद की शिकायत उपरोक्त आरोपियों सहित अन्य के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज किया गया है.
डीएसपी ने बताया कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी. पुलिस ने बोर्ड गठित कर पोस्टमार्टम करवाया, जिसकी रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई होगी. हालांकि मृतक के परिवार ने आरोप लगाया कि पुलिस ने शुरुआत में मामले को आत्महत्या बताकर टालने की कोशिश की, लेकिन उनकी शिकायत पर मजबूरन एफआईआर दर्ज हुई. परिवार ने कहा कि जब तक सभी आरोपी काली, जमील, नासिर, सद्या और अन्य गिरफ्तार नहीं होंगे, वे शव नहीं लेंगे और दफनाने से इनकार कर दिया है.