पंचकूला। पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने हरियाणा में न्यायिक प्रशासन को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सिविल जज (जूनियर डिवीजन) स्तर पर व्यापक तबादले और नई पोस्टिंग के आदेश जारी किए हैं। आदेश के तहत कुल 16 न्यायिक अधिकारियों के कार्यस्थल बदले गए हैं, जिनमें कुछ को नए स्थापित हो रहे न्यायालयों में तैनाती दी गई है, जबकि कई को अतिरिक्त अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है।
हाई कोर्ट के आदेश के अनुसार, पानीपत में तैनात सिविल जज (जूनियर डिवीजन) रूपा को तावड़ू स्थानांतरित करते हुए नवस्थापित न्यायालय में अपर सिविल जज (सीनियर डिवीजन) के पद पर नामित किया गया है। इसी प्रकार, रेवाड़ी की बेनिका को भी तावड़ू में नए न्यायालय की स्थापना के मद्देनज़र तैनात किया गया है।
करनाल की अनमोल कक्कड़ को कुरुक्षेत्र, लोहारू के हिमांशु जांगड़ा को करनाल, कुरुक्षेत्र की स्मृति को करनाल तथा करनाल के तनुज हांडूजा को असंध भेजा गया है। वहीं, करनाल से कुनाल मित्तल को इंद्री और माधव अग्रवाल को सिरसा में अतिरिक्त सिविल जज के रूप में तैनात किया गया है।
फिरोजपुर झिरका के कार्तिक शर्मा को घरौंडा, पलवल के ओमेश को कुरुक्षेत्र, समालखा के जशनप्रीत सिंह बेनीपाल को जींद और फरीदाबाद के बवनदीप सिंह को समालखा भेजा गया है। नूंह से तनुज शर्मा को फिरोजपुर झिरका तथा भिवानी से अजय पाल सिंह मल्ही को लोहारू स्थानांतरित किया गया है।
इसके अलावा, पुन्हाना से आशीष कुमार मंडल को रेवाड़ी और रेवाड़ी से चंद्रकांत यादव को पलवल भेजा गया है। हाई कोर्ट ने साथ ही, जिला एवं सत्र न्यायाधीशों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि यदि कोई स्थानांतरित अधिकारी सांसद/विधायक मामलों की सुनवाई कर रहा है, तो ऐसे मामलों को अगली तारीख से पहले सक्षम न्यायालय को सौंपा जाए।