मुजफ्फरनगर। गांव मुझेड़ा में पानीपत खटीमा राजमार्ग किनारे स्थित पंक्चर की दुकान पर हवा भरते समय टायर फटने से युवक की मौत हो गई।
मुझेड़ा निवासी दिलशाद की गांव में बस अड्डे के निकट पंक्चर जोड़ने की दुकान है। शनिवार की शाम उसका 25 वर्षीय पुत्र आदिल दुकान पर पिता के लिए खाना लेकर गया था, तभी एक चालक टैंकर के पहिए का पंक्चर ठीक कराने के लिए आया।
आदिल अपने पिता को खाना खाने के लिए कहकर टैंकर का पहिया खोलकर पंक्चर जोड़ने लगा। इसी दौरान टायर में हवा भरते समय अचानक टायर फट गया, जिससे वह घायल हो गया। बताया जाता है कि टायर के रिम के टुकड़े व पास रखा लोहे का सामान युवक के शरीर पर गोली की भांति लगे हैं, जिससे वह लहूलुहान हो गया।
धमाके से लोग सहम उठे तथा मौके पर एकत्र हो गए। स्वजन आनन-फानन में घायल को जानसठ सीएचसी लेकर पहुंचचे जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिवार में मातम छा गया। इंस्पेक्टर राजीव शर्मा ने बताया कि पहिए में हवा भरते समय टायर फटने से युवक की मौत हुई है। पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।