राजसमंद: देश भर में बड़ी गोल्ड लूट की वारदातों को अंजाम देने वाला मास्टरमाइंड आखिरकार राजस्थान पुलिस की गिरफ्तर में आ गया है। हम बात कर रहे हैं सुबोध सिंह उर्फ बबुआ की। सुबोध के खिलाफ लगभग 10 साल में छह राज्यों में 400 किलो से ज्यादा सोना लूटने के आरोपों में पुलिस केस दर्ज हैं। राजस्थान की राजसमंद की कांकरोली पुलिस ने सुबोध सिंह को करीब दो साल पुराने चर्चित गोल्ड लूट केस में ओडिशा से प्रोडक्शन वारंट के तहत गिरफ्तार किया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सुबोध ने अपने गैंग के साथ साल 2018 तक जयपुर, पुणे, नागपुर और बैरकपुर सहित कई शहरों में बड़ी वारदातें की हैं।
कौन है सोना लूटने वाला बबुआ?
सुबोध सिंह उर्फ बबुआ बिहार के नालंदा जिले के चिस्तीपुर गांव का रहने वाला है। 12वीं पास इस मास्टरमाइंड ने साल 1996 से छोटे-मोटे अपराधी नेटवर्क के साथ वारदातें शुरू कीं और 1999 तक पुलिस के मुखबिर के रूप में भी काम किया। जेल में रहते हुए उसने अपने गैंग को लगातार मजबूत किया और जमानत पर छूटने के बाद बड़े ज्वेलर्स और बैंकों को टारगेट किया।
वारदातों का तरीका और प्लानिंग
हर वारदात के लिए सुबोध पूरी योजना बनाता और गैंग सदस्यों को जिम्मेदारी देता। हर लूट में 15-30 किलो गोल्ड को हड़प लिया जाता था। गैंग द्वारा लूटा गया सोना नेपाल और पश्चिम बंगाल ले जाकर गलाने के बाद बेचा जाता था।
कांकरोली की ताजा लूट के बाद गिरफ्तारी
23 अगस्त 2023 को कांकरोली के रूपम् गोल्ड ज्वेलर्स में चार बाइक सवार बदमाशों ने तीन किलो सोना और 18 लाख रुपए नकद लूट लिए थे। इस मामले में पुलिस ने सुबोध सिंह सहित दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, सुबोध के खिलाफ दर्ज सभी मामलों में लूटे गए सोने की कुल तादाद करीब 400 किलो है।