मुजफ्फरनगर में दहेज की बलि चढ़ीं दो विवाहिताएं, परिजनों का हंगामा

मुज़फ्फरनगर- जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो विवाहिताओं की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पुलिस और प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती पेश की है। पहली घटना मंसूरपुर थाना क्षेत्र की गोविंदपुरी कॉलोनी की है, जबकि दूसरी घटना बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के गांव राजपुर छाजपुर में सामने आई है। दोनों मामलों में महिलाओं की शादी करीब तीन वर्ष पूर्व हुई थी और परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए उत्पीड़न करने और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।

खतौली क्षेत्र के रुकनपुर खेड़ी निवासी धर्म सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री रीना का विवाह तीन वर्ष पूर्व गोविंदपुरी निवासी करण पुत्र सतपाल के साथ किया था। परिजनों का आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर रीना का उत्पीड़न कर रहे थे। कुछ दिन पूर्व रीना के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए मेरठ ले जाया गया, जहाँ उसकी मौत हो गई। रीना की मौत की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोगों ने थाने में शव रखकर जमकर हंगामा किया। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर पति करण, ससुर सतपाल, सास प्रेमो, ननद करिश्मा उर्फ डोली और जेठ अर्जुन उर्फ बंटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर आनंद देव मिश्रा के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और जांच रिपोर्ट के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दूसरी घटना बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के गांव राजपुर छाजपुर की है, जहाँ 26 वर्षीय रूबी कश्यप की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रूबी की शादी भी करीब तीन वर्ष पूर्व ही हुई थी। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुँची पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का स्पष्ट कारण पता चल सकेगा।