लखनऊ। मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समिति की बैठक में मार्ग कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने के लिए छह परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है।
शुक्रवार को लोक भवन में हुई बैठक में जिन परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है, उनमें बुलंदशहर में 24.91 करोड़ रुपये की लागत से गाजियाबाद-बुलंदशहर जीटी रोड से प्रस्तावित 75 मीटर चौड़ी एनएचएआई लिंक रोड, जौनपुर में 5.25 करोड़ रुपये से त्रिकोलिया अखंडनगर मार्ग से सीबीजी (कम्प्रेस्ड बायोगैस) प्लांट गैरवाह तक पहुंच मार्ग का निर्माण कार्य किया जाएगा।
वहीं जालौन में 40.88 करोड़ रुपये की लागत से कालपी तहसील में रेलवे लाइन के पास औद्योगिक क्षेत्र कांशीराम कॉलोनी होते हुए काशीखेड़ा तक मार्ग का नवनिर्माण किया जाएगा। इसकी कुल लंबाई 7.40 किलोमीटर होगी।
इसी क्रम में गाजीपुर में 85.13 करोड़ रुपये की लागत से अन्धऊ-चौकियां बाईपास मार्ग का निर्माण, चित्रकूट में 4.5 करोड़ रुपये की लागत से नवीन थाना सरधुवा को मुख्य मार्ग से जोड़ने के लिए पहुंच मार्ग का नव निर्माण किया जाएगा। साथ ही गोरखपुर में 9645.25 लाख रुपये की लागत से गोरखपुर में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पहुंच मार्ग का निर्माण किया जाएगा।