हिमाचल के कुल्लू में 200 मीटर गहरी खाई में समाई बोलेरो कैंपर, हादसे में दो युवकों की मौत

सैंज। कुल्लू जिले के सैंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत हरावाग (शरण) सड़क पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। एक बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिससे वाहन में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बोलेरो कैंपर नंबर एचपी 65ए-0956 को चालक लोकेश निवासी जिला मंडी चला रहा था। देर रात हरावाग (शरण) सड़क के पास चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते गाड़ी सड़क से फिसलकर करीब 200 मीटर नीचे पहाड़ी ढलान में जा गिरी।

हादसा इतना भीषण था कि चालक लोकेश और फागनू राम निवासी बाली चौकी, जिला मंडी की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से शव को खाई से बाहर निकाला गया। ॉइसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने इस संबंध में थाना सैंज में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने की है।