लखनऊ। पड़ोसी देश नेपाल में कानून-व्यवस्था बेहद खराब हो गई है। परिवहन निगम की बस भी पड़ोसी देश नेपाल नहीं जा रही, बल्कि महराजगंज जिले के सोनौली व बहराइच जिले के रुपईडीहा से संचालन यूपी के विभिन्न क्षेत्रों के लिए चल रहा है। नेपाल देश की सीमा बंद होने से लोगों का आवागमन नहीं हो रहा। रुपईडीहा से बसों में आवागमन सामान्य है।
परिवहन निगम ने लखनऊ से नेपालगंज के लिए बस चलाई थी। जनरथ बस का आवागमन लंबे समय तक चला लेकिन, काेरोना काल में यह सेवा बंद हो गई। 2024 में परिवहन मंत्री ने फिर बस सेवा शुरू करने का एलान किया था, लेकिन लखनऊ से नेपाल के लिए अपेक्षित यात्री नहीं निकले।
ऐसे में बस काे देवीपाटन मंडल व बहराइच जिले के रुपईडीहा से ही नेपाल भेजा जाने लगा। हर बार सीमा पार करने में बस की दो-दो घंटे तक जांच होती थी। इससे बस को नेपालगंज न भेजकर रुपईडीहा बस स्टेशन से आवागमन कराया जाने लगा।
देवीपाटन मंडल के क्षेत्रीय प्रबंधक अरविंद कुमार यादव ने बताया, बस नेपालगंज नहीं भेजी जा रही। रुपईडीहा से संचालन हो रहा है। परिवहन निगम के जनसंपर्क अधिकारी अमरनाथ सहाय ने बताया, इस समय दोनों देश की सीमा सील है। बसों में कोई अतिरिक्त भीड़ नहीं है।