जींद फैक्ट्री हादसे में 11 हुई मृतकों की संख्या, इलाज के दौरान एक और महिला ने तोड़ा दम

जींद: सफीदों की फैक्ट्री अग्निकांड केस में एक और महिला मजदूर की मौत हो गई है. पीजीआई रोहतक में सोमवार को उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया. इसी के साथ मरने वाली महिला मजदूरों की संख्या 11 हो गई है. 6 अन्य मजदूर विभिन्न अस्पतालों में उपचाराधीन हैं. पुलिस ने आगजनी की घटना में फैक्टरी मालिक समेत चार लोगों को नामजद कर कुछ अन्य के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है.

जींद फैक्ट्री अग्निकांड में 11 महिलाओं की मौत: आगजनी की घटना के दौरान फैक्ट्री में 22 मजदूर थे. जिसमें 17 महिला तथा पांच पुरूष थे. चार महिला मजदूर छत से कूद कर बच निकली थी. जिसमें 13 महिलाएं तथा पांच पुरूष झुलस गए थे. झुलसी महिलाओं में से अब 11 महिलाओं की मौत हो चुकी है. जबकि 6 मजदूर अभी भी अलग-अलग अस्पतालों में उपचाराधीन हैं. सोमावार की शाम शिव कॉलोनी निवासी कश्मीरी देवी (39) की मौत हो गई.

मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार: मामले में पुलिस तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है. एएसपी के नेतृत्व में गठित एसआईटी द्वारा मामले की जांच जा रही है. बता दें कि सफीदों की गीता कॉलोनी में स्थित अवैध रूप से चल रही रंग गुलाल की फैक्ट्री में सात मार्च को आग लग गई थी. इस आगजनी में पूजा, पिंकी, गुड्डी, ऊषा की मौके पर मौत हो गई थी. जबकि महिलाओं की मौत इलाज के दौरान हुई है.

मामले की जांच जारी: शहर थाना सफीदों प्रभारी पूर्णदास ने बताया कि पीजीआई रोहतक में उपचाराधीन एक और महिला की मौत हो गई. अब तक 11 महिलाओं की मौत हो चुकी है. तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. अन्य की जांच के लिए छापेमारी की जा रही है.