मुजफ्फरनगर में युवक की पिटाई, कान पकड़कर माफी मांगता रहा

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के मंसूरपुर थाना क्षेत्र के सराय रसूलपुर गांव में एक युवक की पिटाई का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया गया है कि युवक खतौली क्षेत्र का निवासी है, जिसे गांव के कुछ लोगों ने पकड़कर पीटा और बाद में छोड़ दिया।

वायरल वीडियो में युवक हाथ जोड़कर और कान पकड़कर माफी मांगता दिख रहा है। वह बार-बार गांव में दोबारा न आने की कसम खा रहा है। वीडियो में कुछ लोग उसे थप्पड़ मारते और गाली-गलौज करते हुए भी दिखाई दे रहे हैं।

घटना के संबंध में विभिन्न तरह की चर्चाएं सामने आई थीं, जिनमें युवक के अपनी प्रेमिका से मिलने आने की बात भी शामिल थी। हालांकि, पुलिस ने इस दावे का खंडन किया है। क्षेत्राधिकारी खतौली रामाशीष यादव ने बताया कि वायरल वीडियो लगभग दो दिन पुराना है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, कुछ युवकों और पीड़ित युवक के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और उसे पीटा गया।

पुलिस ने इस मामले में मंसूरपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्राधिकारी ने यह भी कहा कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।