मंडी में स्कूटी पीछे करने के लिए कहने पर भड़क उठा युवक, बाउंसर बुलवाकर बस कंडक्टर को पिटवाया

मंडी। हिमाचल के मंडी जिले के जोगेंद्रनगर में रविवार सुबह थुरल से आ रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस के परिचालक के साथ कुछ युवाओं ने मारपीट की। परिचालक जब एहजु पहुंचा था, उस समय बस को पीछे करने के वक्त उसने स्कूटी सवार को स्कूटी पीछे करने के लिए कहा, जिस पर वह भड़क गया, पहले उसने परिचालक से धक्का मुक्की और बाद में दो बाउंसर बुला लिए।

दोनों ने इसके बाद परिचालक पर हमला कर दिया। मौके पर मौजूद सवारियों ने उसे बचाया। इस घटना का वीडियो भी प्रसारित हो रहा है। हालांकि, वीडियो में परिचालक बोलता सुनाई दे रहा है कि उसने केवल स्कूटी पीछे करने के लिए कहा था और कोई बदतमीजी नहीं की थी, इसके बावजूद लड़के ने बाउंसर बुलाकर उसके साथ मारपीट की।

बताया जा रहा है कि मारपीट करने वाले युवक राजनीतिक पहुंच वाले हैं। उधर हिमाचल पथ परिवहन निगम कर्मचारी महासंघ ने भी इस पर कड़ा संज्ञान लिया है। संघ के मीडिया प्रभारी ललित ने बताया कि घटना की सूचना प्रदेशाध्यक्ष को दी गई है और पुलिस और प्रशासन को जताया गया है कि अगर मामले में उचित कार्रवाई न हुई तो परिवहन निगम के कर्मचारी कड़ा कदम उठाने को मजबूर होंगे। वहीं, घटना की सूचना भिड़ने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी है।