मुजफ्फरनगर। मुज़फ़्फ़रनगर के जानसठ रोड स्थित एक टायर रीसाइक्लिंग प्लांट में गुरुवार देर शाम भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। विनायक एंटरप्राइजेज नामक इस फैक्ट्री में आग लगते ही पूरे परिसर में हड़कंप मच गया और कर्मचारी अपनी जान बचाने के साथ-साथ आग बुझाने में जुट गए।
बताया जा रहा है कि आग तेजी से फैलती चली गई, जिससे प्लांट के अंदर रखा ज्वलनशील सामान इसकी चपेट में आ गया। शुरुआती दौर में फैक्ट्री कर्मचारियों ने अपने स्तर पर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
फिलहाल इस अग्निकांड में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन फैक्ट्री को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। नुकसान का सही आंकलन अभी किया जा रहा है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या ज्वलनशील सामग्री को वजह माना जा रहा है।