हिसार/करनाल। उत्तर और मध्य भारत में गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग और स्थानीय विशेषज्ञों ने चेतावनी जारी की है कि अगले चार-पांच दिनों तक भीषण लू झुलसाएगी। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तेज गर्म हवाएं चलेंगी। हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में तापमान में 3 से 6 डिग्री सेल्सियस की भारी वृद्धि होने की संभावना है, जिससे पारा 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है। मौसम विभाग (आइएमडी) ने सोमवार को बताया कि इस सप्ताह उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में लू चलने के आसार हैं।
हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, पूर्वी राजस्थान, विदर्भ, छत्तीसगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, गंगा-तटीय बंगाल, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और ओडिशा के कुछ इलाकों में 20 अप्रैल से 25 अप्रैल के बीच अलग-अलग तारीखों में लू की स्थिति रहेगी।
मौसम विभाग ने कहा कि गंगा-तटीय बंगाल यानी बंगाल के दक्षिण क्षेत्र के कुछ हिस्सों में 20-26 अप्रैल के दौरान गर्म और आर्द्र मौसम रहने के आसार हैं। आइएमडी निदेशक मृत्युंजय महापात्रा के अनुसार दक्षिण, मध्य, पूर्व और उत्तर-पश्चिम भारत के विभिन्न राज्यों में सोमवार को मध्यम से तीव्र हवाएं भी चल सकती हैं। इस साल गांगेय क्षेत्र के उत्तरी हिस्सों, पूर्वी तटीय राज्यों और पश्चिमी राज्यों जैसे गुजरात, महाराष्ट्र तथा आसपास के इलाकों में सामान्य से ज्यादा दिनों तक लू चलेंगी।
पंजाब में चार दिन लू चलने की संभावना, येलो अलर्ट जासं, लुधियाना : पंजाब अगले चार दिन 24 अप्रैल तक लू चलने की संभवाना है। मौसम विभाग ने इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। सोमवार को राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। बठिंडा राज्य में सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटियाला का अधिकतम तापमान 39.8, लुधियाना का 39.4, राजधानी चंडीगढ़ का 38.1, अमृतसर का पारा 37.1 डिग्री रहा।
स्वास्थ्य विभाग की गाइडलाइन: नींबू पानी और पर्याप्त छाछ पीते रहें बढ़ती गर्मी को देखते हुए डाक्टरों ने दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बाहर न निकलने की सलाह दी है। ओआरएस, नींबू पानी, छाछ और पर्याप्त पानी पीते रहें। हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें और सिर को ढक कर रखें। खाली पेट बाहर न जाएं; हल्का और ताजा भोजन ही करें। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें।
मौसम विभाग के आकलन के अनुसार इस बार मानसून कमजोर भी रहता है तो भी किसानों के लिए निराशाजनक बात नहीं है। देश के बड़े जलाशयों में इस समय पर्याप्त पानी मौजूद है जो खेती को शुरुआती झटकों से बचाने में मदद कर सकता है। मौसम विभाग ने अलनीनो के असर के कारण सामान्य से कम बारिश की आशंका जताई है।
लू का बीते पांच सालों का रिकॉर्ड टूटने की बन रही संभावना विशेषज्ञों के अनुसार, वर्ष 2022 को छोड़कर पिछले पांच सालों में यह पहला मौका है जब अप्रैल में लू की इतनी जल्दी और प्रबल दस्तक हुई है। 2022 में अप्रैल के दौरान 11 दिनों तक भीषण लू चली थी, और इस साल भी वैसी ही स्थिति बनती दिख रही है। सोमवार को प्रदेश में नारनौल 42 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि रोहतक और सिरसा में भी पारा 40 डिग्री के पार दर्ज किया गया।