मुजफ्फरनगर में प्री-मैरिटल काउंसलिंग सेंटर खोला जाए

मुजफ्फरनगर। शुक्रवार को विकास भवन के सभागार में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने जन सुनवाई करते हुए अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। महिला आयोग की अध्यक्ष ने डीएम और एसएसपी से तेरे मेरे सपने ( प्री- मैरिटल काउंसलिंग सेंटर) खोलने का आह्वान किया है।विकास भवन सभागार में अध्यक्ष ने महिला जनसुनवाई की।

राष्ट्रीय महिला आयोग में पंजीकृत 48 प्रकरणों व अन्य उपस्थित प्रकरणों में जनसुनवाई कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करते हुए संबंधित अधिकारियों को निस्तारण सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया। उक्त प्रकरणों मे संबंधित अधिकारियों को अनुपालन आख्या आयोग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही महिला जनसुनवाई हेतु उपस्थित महिलाओं/ बालिकाओं को भारत सरकार एवं उप्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं-जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, उप्र मुख्य बाल सेवा योजना, प्रधान मंत्री आवास योजना, मनरेगा, एवं स्पॉन्सरशिप योजनाओं से लाभान्वित किए जाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।

महिला जन-सुनवाई उपरांत अध्यक्ष द्वारा समीक्षा बैठक में महिलाओं संबंधी योजनाओं/कार्यक्रमों एवं उनके क्रियान्वयन के विषय में जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी सहित जनपद स्तरीय अधिकारीगणों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। पात्र लाभार्थियों के जीवन एवं व्यवहार में क्या-क्या बदलाव आए के संबंध में विस्तृत चर्चा की। महिलाओं का कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतितोष, प्रतिषेध) 2013 के अन्तर्गत गठित आंतरिक समिति एवं जनपद स्तर पर गठित स्थानीय समिति के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। जिलाधिकारी के दिशा-निर्देशन एवं मार्गदर्शन में पॉश एक्ट के अन्तर्गत गठित स्थानीय समिति द्वारा किए कार्यों के लिए जिलाधिकारी की पहल की प्रशंसा करते हुए बधाई दी गयी।

महिलाओं को सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्यस्थल हेतु शपथ भी दिलाई। समीक्षा बैठक के बाद अध्यक्ष द्वारा जिला प्रशासन एवं पुलिस को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान डीएम उमेश मिश्रा, एसएसपी संजय कुमार वर्मा, सीडीओ कंडारकर कमलकिशोर, एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ, सीएमओ डा. सुनील तेवतिया, सीओ रूपाली राय, राजू कुमार साव, रविशंकर मिश्रा, ऋषिका सिंह, जिला विकास अधिकारी दिग्विजय नाथ तिवारी, जिला कृषि अधिकारी राहुल तेवतिया, सहायक आयुक्त उद्योग आशीष कुमार, समिति सदस्य डा. राजीव कुमार आदि उपस्थित रहे।