मुज़फ़्फ़रनगर में ट्रांसफॉर्मर में लगी भीषण आग:जानसठ रोड पर देर रात हादसा

मुजफ्फरनगर। मुज़फ़्फ़रनगर में बढ़ती गर्मी अब सीधे तौर पर खतरनाक रूप लेने लगी है। जिले में आग की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और इसी कड़ी में रविवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

जानसठ रोड पर स्थित एक बिजली के ट्रांसफॉर्मर में रात करीब 9 बजे अचानक भीषण आग लग गई। चंद ही मिनटों में ट्रांसफॉर्मर आग का गोला बन गया और लपटें दूर से दिखाई देने लगीं।

आग लगने के कारण ट्रांसफॉर्मर से जुड़ी विद्युत आपूर्ति तुरंत बाधित हो गई, जिससे इलाके में अंधेरा छा गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सबसे पहले बिजली सप्लाई को पूरी तरह कटवाया गया, जिसके बाद दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन अगर समय रहते आग पर काबू न पाया जाता तो बड़ा नुकसान हो सकता था।

आपको बता दें कि रविवार को ही जिले में अलग-अलग स्थानों पर कुल 6 से 7 जगह आग लगने की घटनाएं सामने आईं। कहीं गन्ने के खेत में, कहीं भूसे के ढेर में तो कहीं झाड़-फूंस और कूड़े में आग भड़कती रही। पूरे दिन दमकल विभाग की टीमें एक जगह से दूसरी जगह दौड़ती नजर आईं। भीषण गर्मी और तेज धूप के चलते आग लगने की घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है, जिससे प्रशासन की चिंता भी बढ़ गई है।