मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में रात का खूनी हंगामा: मामूली विवाद के बाद घर पर हमला

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना क्षेत्र में देर रात उस समय दहशत फैल गई जब मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दर्जनभर से अधिक लोग लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस होकर एक घर पर टूट पड़े। अचानक हुए इस हमले से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।

नाबालिग बेटे के साथ छेड़छाड़ से शुरू हुआ विवाद,

पीड़ित के अनुसार उसका 14-15 वर्षीय बेटा रात में दुकान से अंडे लेने गया था। वहां कुछ युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ की और उसके साथ मारपीट भी की। घटना की जानकारी घर पहुंचने पर मामला तूल पकड़ गया और विवाद गहरा गया।

विरोध करने पर परिवार पर भी टूटा कहर

पीडित ने जब इस घटना का विरोध किया तो आरोप है कि हमलावरों ने उसके साथ भी मारपीट की। इसके बाद मामला और बिगड़ गया और आरोपी पक्ष ने एकजुट होकर उसके घर पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ भी की।

मां- बेटी गंभीर घायल, अस्पताल में भर्ती

हमले में पीड़ित की पत्नी और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।

घर में तोड़फोड़ से दहशत, इलाके में तनाव का माहौल

हमलावरों ने घर में जमकर तोड़फोड़ की, जिससे परिवार को भारी नुकसान पहुंचा। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है और स्थानीय लोग दहशत में हैं। ग्रामीणों का कहना है कि देर रात हुई इस घटना ने पूरे क्षेत्र की शांति भंग कर दी है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू

पीड़ित की शिकायत पर बुढ़ाना पुलिस ने नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्रभारी सुभाष बाबू अत्री ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।