हिसार: हरियाणा में बीजेपी की राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा के पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल पर दिए गए विवादित बयान को लेकर उनके बेटे कुलदीप बिश्नोई ने चुप्पी तोड़ दी है। कुलदीप बिश्नोई ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपनी ही पार्टी के नेताओं के खिलाफ बगावत कर दी है। कुलदीप ने कहा कि रेखा शर्मा का बयान भूल नहीं, उनकी सोच बताती है। इन जैसी नौसिखिए को नहीं पता कि इतिहास पढ़ना आसान है, लेकिन रचने के लिए खून पसीना एक करना पड़ता है। जिसे औकात से ज्यादा मिल जाए तो बहुत कम लोग उसे पचा पाते हैं। रेखा का भी यही हाल है। राज्यसभा के पद की गरिमा तो रख लेते।
हरियाणा में मेरी वजह से बनी सरकार
उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने भी ऐसी ही बात कही। मैं इसकी निंदा करता हूं। एक ऐसा व्यक्ति जिसकी कुछ औकात नहीं, लेकिन प्रदेश अध्यक्ष के रूप में बैठे हो बीजेपी ने आपको थोपा या बनाया। चौधरी भजनलाल जैसे सम्मानित व्यक्ति के पीछे जी लगाना जरूरी नहीं समझा। कुलदीप ने बीजेपी को चुनौती देते हुए कहा कि प्रदेश में अगर बीजेपी सरकार बनी तो वह कुलदीप की वजह से। तीन में से दो बार सरकार बनाने में मेरा योगदान है। पहले बीजेपी को कोई नहीं जानता था। मेरे गठबंधन की वजह से सरकार बनी।
घमंड रहा तो चौथी बार सरकार नहीं बनेगी
कुलदीप ने आगे कहा कि अगर ऐसा ही घमंड रहा तो चौथी बार सरकार नहीं बनेगी। मुझे मजबूर मत कीजिए कि मैं आपको अर्श से फर्श पर लेकर आ जाऊं। उन्होंने कहा कि मैं बीजेपी का एक अनुशासित सिपाही हूं, इसलिए पार्टी को चुनौती देता हूं कि रेखा शर्मा से माफी मंगवाएं और मोहन लाल बड़ौली को कहें कि चौधरी भजनलाल का नाम सम्मान से लें। नहीं तो ये मामला यहां तक सिमित नहीं रहेगा।
रेखा शर्मा ने दिया था यह बयान
बीजेपी की राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने 24 अप्रैल को पंचकूला में पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल पर विवादित बयान दिया था। रेखा शर्मा ने कहा कि इस एरिया में भजनलाल और उनके बेटे चंद्रमोहन (कांग्रेस विधायक) की बदमाशी थी। बदमाशी करके इन्होंने इलेक्शन जीते थे। रेखा शर्मा ने यह बयान पंचकूला में बीजेपी के मेयर प्रत्याशी श्यामलाल बंसल के नामांकन से पहले हुई जनसभा में दिया था। खास बात ये है कि उस समय मंच पर मुख्यमंत्री नायब सैनी भी मौजूद थे। इसका वीडियो भी सामने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे और कांग्रेस विधायक चंद्रमोहन ने रेखा शर्मा को लीगल नोटिस भिजवाया था।