भागलपुर: बिहार के भागलपुर में गंगा नदी पर बने विक्रमशिला सेतु पर रविवार की रात एक बड़ा हादसा हो गया. रविवार की देर रात करीब 1:10 बजे पुल का एक पिलर ध्वस्त हुआ और उस पर टिका स्लैब पूरी तरह गंगा नदी में समा गया. देर रात पुल टूटने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि गनीमत रही कि समय रहते पुलिस और प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए आवाजाही रोक दी थी, जिससे स्लैब गिरने के दौरान कोई वाहन उसकी चपेट में नहीं आया और बड़ा नुकसान टल गया.
पुल टूटने से नवगछिया और भागलपुर के बीच का संपर्क टूट गया है. घटना के बाद प्रशासन भी मौके पर पहुंचा और पुलिस के जवानों ने लोगों से सावधानी बरतने की हिदायत दी. देर रात वहां मौजूद भागलपुर जिले के थाना बिहपुर निवासी ऋषव मिश्रा ने NDTV को बताया कि पुल के दिन में ही हल्का क्षतिग्रस्त होने की सूचना आ रही थी और देर रात पुल का एक बड़ा हिस्सा (स्पैन) नदी में समा गया.
रात 11:33 बजे से ही हादसे की शुरुआत
हादसे की शुरुआत रविवार रात करीब 11:33 बजे हुई जब पाया नंबर 133 अचानक बैठना शुरू हुआ. रात 11:55 बजे तक पाया काफी हद तक झुक गया था. सेतु पर तैनात पुलिस जवानों ने तुरंत इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को दी. सूचना मिलते ही भागलपुर रेंज के आईजी विवेक कुमार ने SSP प्रमोद कुमार यादव और नवगछिया SP राजेश कुमार को तत्काल प्रभाव से वाहनों की आवाजाही रुकवाने का निर्देश दिया. आवाजाही रोकने के बाद पिलर और उसके आसपास का हिस्सा खाली करा लिया गया. आखिरकार, देर रात 1:10 बजे वो पिलर पाया पूरी तरह ध्वस्त होकर गंगा में विलीन हो गया.
पुल टूटने के बाद भागलपुर शहर की सड़कों पर दबाव न बढ़े, इसके लिए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं. भारी वाहनों को शहर में प्रवेश करने से पहले ही घोंघा, सबौर, जगदीशपुर और कजरेली जैसे इलाकों में रोक दिया गया है.