मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के चरथावल विकासखंड स्थित ग्राम मथुरा में बीती देर रात आए तेज तूफान ने एक गरीब परिवार के आशियाने को पूरी तरह तबाह कर दिया। इस प्राकृतिक आपदा में एक परिवार का घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम मथुरा निवासी गोफा पुत्र आसाराम का मकान, जो कि टीन शेड से बना हुआ था, तूफान की तीव्रता को झेल नहीं सका। तेज हवाओं के कारण मकान की छत उड़ गई और दीवारें ढह गईं, जिससे पूरा घर मलबे में तब्दील हो गया।
इस घटना में घर के अंदर रखा सारा सामान भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पीड़ित परिवार अब खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है।
स्थानीय ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित गोफा को जल्द से जल्द सरकारी सहायता और उचित मुआवजा प्रदान किया जाए, ताकि वह अपने परिवार के लिए पुनः सिर ढकने की जगह बना सके।