मुजफ्फरनगर में टोलकर्मियों और कार सवारों के बीच विवाद, गाड़ी सीज

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में टोल प्लाजा पर कार सवार परिवार और टोलकर्मियों के बीच मारपीट हो गई। इसका वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में एक महिला टोलकर्मी यात्री महिला के बाल पकड़कर खींचती हुई दिखाई दे रही है। इससे गुस्साई महिला के बेटे ने महिला टोलकर्मी पर हमला कर दिया।

वीडियो में युवक को पहले हाथापाई करते और फिर डंडा लेकर मौके पर पहुंचते देखा जा सकता है। मामला छपार थाना क्षेत्र के दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 का है।

इसी दौरान उसकी मां ने भी हस्तक्षेप करते हुए डंडा लेकर महिला टोलकर्मी को मारने का प्रयास किया। हालात तब और बिगड़ गए जब दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई। हालांकि, मौके पर मौजूद अन्य टोलकर्मियों ने बीच-बचाव कर युवक को डंडा चलाने से रोका। एएसपी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने बताया, थाना छपार पुलिस ने गाड़ी को जब्त कर लिया है। दोनों पक्षों से शिकायत लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।