युवक को बाइक खरीदने के बहाने बुलाकर लूटा:दोस्ती कर तमंचा दिखाकर कैश, बाइक और फोन छीना

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के थाना छपार क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह ्सोशल मीडिया और चैटिंग ऐप के माध्यम से लोगों को फंसाकर लूट की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से एक बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हो गया।

एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया गाजियाबाद निवासी एक युवक ने शिकायत दर्ज कराई थी। युवक के अनुसार, कुछ लोगों ने चैटिंग के जरिए उससे संपर्क किया। आरोपियों ने मोटरसाइकिल खरीदने का बहाना बनाकर उसे छपार क्षेत्र में बुलाया। वहां पहुंचने पर तमंचे के बल पर उसकी मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी लूट ली गई।

घटना का खुलासा करने के लिए थाना छपार प्रभारी मोहित कुमार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों की लोकेशन मिली, जिसके बाद घेराबंदी की गई। खुद को घिरा देखकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जुहैब, निवासी सफरपुर, थाना गंगनहर (रुड़की), गोली लगने से घायल हो गया। उसके दो साथी अहमद, निवासी रुड़की, और साईम, निवासी बागोवाली, नई मंडी, को तलाशी अभियान के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और 400 रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में यह भी पता चला है कि आरोपी और पीड़ित एक ‘गे-ऐप’ के माध्यम से जुड़े हुए थे। इसी ऐप पर हुई बातचीत के आधार पर युवक को योजनाबद्ध तरीके से बुलाया गया और फिर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया।

पुलिस अब गिरफ्तार किए गए आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह ने पहले भी इसी तरह की अन्य घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं।