मुजफ्फरनगर में तालाब की 5 बीघा जमीन कब्जा मुक्त कराने की मांग

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के चरथावल ब्लॉक स्थित लुहारीखुर्द गांव में तालाब की जमीन पर कथित अवैध कब्जे और भराव का मामला सामने आया है। सोमवार को ग्रामीणों ने वीडियो और फोटो साक्ष्यों के साथ जिलाधिकारी से मुलाकात की। उन्होंने दर्जनों ग्रामीणों के हस्ताक्षर युक्त प्रार्थना पत्र सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

शिकायतकर्ता आशीष सैनी ने आरोप लगाया है कि खसरा नंबर-179 स्थित लगभग 5 बीघा तालाब भूमि पर कुछ दबंगों द्वारा अवैध कब्ज़ा किया जा रहा है। शिकायत में खालिद, आसिफ, रिजवान, सरफराज, फतेहदीन और इकराम सहित कुछ व्यक्तियों पर तालाब को मिट्टी से भरकर निर्माण की तैयारी करने का आरोप लगाया गया है।

आशीष सैनी ने बताया कि इस संबंध में पहले भी प्रशासन से शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। इससे कथित कब्ज़ाधारियों के हौसले बुलंद हो गए। ग्रामीणों ने अब वीडियो और फोटो साक्ष्य के तौर पर सौंपे हैं, जिनमें दिनदहाड़े तालाब में भराव करते हुए दिखाया गया है।

शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि जब ग्रामीण भराव का विरोध करते हैं, तो आरोपी उन्हें हथियारों के दम पर धमकाते हैं। ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि कुछ राजस्व अधिकारी भी इस मामले में गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं, जिससे गांव में आक्रोश बढ़ रहा है।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि तालाब की भूमि को तत्काल भू-माफियाओं के कब्ज़े से मुक्त कराया जाए। उन्होंने अवैध भराव रोकने और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील की है।