मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में सोमवार को भीषण गर्मी का प्रकोप रहा। जिले का तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जबकि महसूस किया गया तापमान 46 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इस दौरान कई स्थानों पर एयर कंडीशनर और कूलर भी बेअसर साबित हुए। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग घरों में रहने को मजबूर हो गए।
सुबह से ही तेज धूप ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया था। दोपहर होते-होते शहर की सड़कें लगभग सूनी हो गईं। आवश्यक कार्य से बाहर निकलने वाले लोग अपने सिर और चेहरे को गमछे, साफे या अन्य कपड़ों से ढककर चलते दिखे। दुपहिया वाहन चालकों को विशेष रूप से परेशानी का सामना करना पड़ा। महिलाएं और युवतियां भी मास्क, दुपट्टे और कपड़ों से अपना चेहरा ढककर ही बाहर निकलीं।
मौसम विभाग के अनुसार, हवा की रफ्तार लगभग 18 से 21 किलोमीटर प्रति घंटा रही। हालांकि, यह हवा राहत देने के बजाय गर्म थपेड़ों में बदल गई, जिससे उमस और गर्मी का प्रभाव और बढ़ गया। कई लोगों ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण घरों में लगे कूलर भी गर्म हवा फेंक रहे हैं, और एयर कंडीशनर भी लगातार चलने के बावजूद पर्याप्त राहत नहीं दे पा रहे हैं।
गर्मी का असर बाजारों में भी स्पष्ट रूप से देखा गया। शहर में आइसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक, शिकंजी और गन्ने के रस जैसे ठंडे पेय पदार्थों की मांग में भारी वृद्धि हुई। जूस और ठंडे पानी की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखी गई। डॉक्टरों ने नागरिकों को अधिक से अधिक पानी पीने, धूप से बचने और दोपहर के समय घरों में ही रहने की सलाह दी है।