मुजफ्फरनगर के भोपा गंग नहर पटरी पर लगी आग: चपेट में आए हरे-भरे पेड़

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के भोपा क्षेत्र की गंग नहर पटरी पर सोमवार दोपहर अचानक आग लग गई। भीषण गर्मी और तेज हवा के कारण आग तेजी से फैली, जिससे नहर किनारे खड़े हरे-भरे पेड़ भी इसकी चपेट में आ गए। आग से उठते धुएं के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

इलाके में मची अफरा-तफरी

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण अरविंद और नीरज कुमार ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी और आग पर जल्द काबू पाने की मांग की। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती तो आसपास के वन क्षेत्र और पेड़ों को भारी नुकसान हो सकता था।

मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम

सूचना मिलते ही वन रक्षक कर्मवीर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने आग पर काबू पाया। वन रक्षक कर्मवीर सिंह ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। उन्होंने शरारती तत्वों द्वारा आग लगाए जाने की आशंका व्यक्त की।

हरे-भरे पेड़ों को काफी नुकसान

कर्मवीर सिंह ने यह भी बताया कि पिछले कुछ दिनों में गंग नहर पटरी पर कई बार आगजनी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे हरे-भरे पेड़ों को काफी नुकसान पहुंचा है। इन घटनाओं से वन क्षेत्र के जीव-जंतु भी प्रभावित हो रहे हैं। वन विभाग ने चेतावनी दी है कि आग लगाने वाले अज्ञात व्यक्तियों और शरारती तत्वों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, आग लगाने वालों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।