मुज़फ्फरनगर। समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी के कथित विवादित बयान को लेकर जिले में विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। सोमवार को जाट महासभा का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मिला तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर राजकुमार भाटी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
जाट महासभा के अध्यक्ष धर्मवीर बालियान ने आरोप लगाया कि 14 मई को दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में किसान नेता महेंद्र सिंह टिकैत की जयंती कार्यक्रम के दौरान राजकुमार भाटी ने अपने संबोधन में जाट और गुर्जर समाज की महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। महासभा का कहना है कि इस बयान से दोनों समाजों की भावनाएं गहराई से आहत हुई हैं और क्षेत्र में भारी रोष व्याप्त है।
ज्ञापन में कहा गया कि महिलाओं के सम्मान के खिलाफ दिया गया यह बयान केवल किसी एक समाज का नहीं बल्कि संपूर्ण नारी शक्ति का अपमान है। संगठन ने आरोप लगाया कि इस प्रकार के बयान सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और समाजों के बीच वैमनस्य फैलाने का काम करते हैं।
जाट महासभा ने प्रशासन से मांग की कि राजकुमार भाटी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो समाज में आक्रोश और बढ़ सकता है।
संगठन की ओर से यह भी कहा गया कि भविष्य में इस प्रकार की भाषा का प्रयोग करने वालों के खिलाफ कानूनी और सामाजिक स्तर पर विरोध जारी रहेगा। इस दौरान जाट महासभा अध्यक्ष धर्मवीर बालियान, महासचिव जयवीर सिंह और कोषाध्यक्ष राकेश बालियान सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।