Bihar School Bag 2026 Update: बिहार में स्कूली बच्चों के बैग का वजन अब ज्यादा हुआ तो स्कूलों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। बिहार शिक्षा विभाग ने सभी प्राइवेट और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों को इस संबंध में NCERT गाइडलाइंस का कड़ाई से पालन करने का आदेश दिया है। जिसके तहत स्कूल में पढ़ रहे बच्चे के बैग का वजन उसके शरीर के वजन का 10 प्रतिशत से ज्यादा नहीं होना चाहिए। इसके लिए हर स्कूल में वजन मापने की मशीन होनी चाहिए।
बिहार में कम होगा स्कूल बैग का वजन
राज्य के सभी स्कूलों को अब स्कूल बैग से जुड़े नेशनल काउंसिल ऑफ एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग (NCERT) के दिशानिर्देशों का पालन करना होगा। शिक्षा विभाग का कहना है कि बच्चों का वजन समय-समय पर चेक किया जाएगा और फिर उसी के मुताबिक उनके बैग का वजन तय होना चाहिए। इसे आप ऐसे समझ सकते हैं कि मान लीजिए किसी बच्चे का वजन 25 केजी है तो नई गाइडलाइंस के अंतर्गत उसके बैग का वजन 2.5 केजी तक होना चाहिए। इसी तरह 20 किजी के बच्चे के बैग का भार 2 केजी तक हो। इससे ज्यादा वजन होने पर गाइडलाइंस का उल्लंघन माना जााएगा।
बच्चों पर कम हो शारीरिक दवाब
स्कूली बैग को लेकर यह सख्ती बच्चों के शारीरिक बोझ को कम करने के लिए की जा रही है। कई हेल्थ स्टडीज में सामने आया है कि तय लिमिट से ज्यादा वजन वाला स्कूल बैग उठाने से बच्चों के बॉडी पोश्चर में दिक्कत हो सकती है। साथ में पीठ और कंधों में दर्द, थकान और रीढ़ से संबंधित परेशानियां भी हो सकती हैं। इसीलिए अब इस नियम का पालन करना स्कूल के लिए जरूरी है। जिससे बच्चे को स्वास्थ्य संबंधित किसी भी तरह क समस्या न हो।
प्राइवेट स्कूलों पर भी सख्ती
शिक्षा विभाग ने आधिकारिक तौर पर कहा है कि अगर प्राइवेट स्कूलों ने नियमों का उल्लंघन किया गया तो उनके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। एनसीईआरटी की गाइडलाइंस के मुताबिक स्कूलों को अब बच्चों के होमवर्क, सिलेबस में जरूरी बुक्स, टाइम टेबल आदि पहले से तय करना होगा। जिससे स्टूडेंट्स केवल काम की चीजें ही बैग में लेकर जाएं। बच्चों के बैग में गैर जरूरी किताबें, नोट बुक या अन्य कोई सामग्री न हो। जिससे बच्चों पर शारीरिक बोझ कम पड़ेगा। स्कूलों को इन सभी पर रेगुलर ध्यान देना होगा।
पिछले कुछ वर्षों में अलग-अलग राज्यों में स्कूल बैग का मुद्दा सामने आता रहा है। महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना और पंजाब ने भी एनसीईआरटी के दिशानिर्देशों पर आधारित स्कूल बैग के वजन पर निर्देश दिए। कई जगह कक्षा के मुताबिक स्कूल बैग के वजन की लिमिट तय की गई है। साथ स्कूल में ही लॉकर और बैग रखने की भी व्यवस्था करने को भी कहा गया।