चंडीगढ़. देशभर में भीषण गर्मी पड़ रही है. उत्तर भारत में भी पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों में पारा रिकॉर्डतोड़ रहा है. हरियाणा और पंजाब में मौसम विभाग लू चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं, हिमाचल के कई जिलों में भीषण गर्मी पड़ने की चेतावनी दी गई है. सूबे के ऊना जिले में मंगलवार को पारा 43 डिग्री पार कर गया था. पंजाब और हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ में भी 44 डिग्री के करीब पारा है और ऐसे में वहां पर स्वास्थ्य विभाग ने हेल्थ एडवायजरी जारी की है.
‘कॉफी से परहेज’, हीटवेव-लू को लेकर हेल्थ एडवायजरी, क्या करें और क्या ना करें
चंडीगढ़ में स्वास्थ्य विभाग ने एडवायजरी जारी की है. दरअसल, पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में दिन में कर्फ्यू जैसे हालात हैं. रोहतक और फरीदकोट में मंगलवार को क्रमश 46.9 औऱ 47.3 डिग्री पारा दर्ज किया गया था. चंडीगढ़ में दिन में सड़क पर सन्नाटा नजर आ रहे है. ऐसे में हेल्थ एडवाजयरी में अहम सुझाव दिए गए हैं.
शरीर में पानी की कमी न होने दें…
प्यास न लगने पर भी नियमित अंतराल पर पर्याप्त पानी पिएं.
यात्रा के दौरान अपने साथ पीने का पानी रखें.
पानी, नींबू पानी, लस्सी, छाछ, जलजीरा, आम पन्ना, नारियल पानी या अन्य स्थानीय प्राकृतिक पेय पदार्थों का सेवन करें.
तरबूज, खरबूजा, खीरा, संतरा, सलाद पत्ता आदि जैसे अधिक पानी वाले मौसमी फल और सब्जियां खाएं.
खुद को ढककर रखें.
सीधे धूप के संपर्क में आने से बचें.
घर के अंदर हवादार और ठंडी जगह पर रहें.
हल्के रंग के पतले, ढीले और सूती कपड़े पहनें.
सिर को ढककर रखें: छाता, टोपी आदि का उपयोग करें.
धूप में बाहर जाते समय जूते या चप्पल पहनें.
दिन के समय घर की खिड़कियां और परदे बंद रखें तथा रात में उन्हें खोल दें.
किसे है अधिक खतरा
• शिशु और छोटे बच्चे
गर्भवती महिलाएं
बाहर काम करने वाले लोग
मानसिक बीमारी से पीड़ित लोग
शारीरिक रूप से बीमार लोग, विशेषकर हृदय रोग या उच्च रक्तचाप वाले
अकेले रहने वाले बुजुर्ग या बीमार लोग
क्या ना करें लोग
आवश्यकता न हो तो धूप में बाहर न निकलें.
दोपहर के समय बाहर रहने पर भारी शारीरिक गतिविधियों से बचें.
शराब, चाय, कॉफी, कार्बोनेटेड शीतल पेय या अधिक चीनी वाले पेय पदार्थों का सेवन न करें, क्योंकि ये शरीर से अधिक तरल पदार्थ की कमी कर सकते हैं या पेट में ऐंठन पैदा कर सकते हैं.
बासी भोजन न करें.
बच्चों या पालतू जानवरों को खड़ी गाड़ी में अकेला न छोड़ें.
कैसा रहेगा मौसम
हिमाचल प्रदेश को गुरुवार को गर्मी से राहत मिल सकती है. क्योंकि कई इलाकों में बारिश और तूफान का येलो अलर्ट जारी किया गया है. लेकिन पंजाब और हरियाणा में एक सप्ताह तक कोई राहत के आसार नहीं हैं. चंडीगढ़ में 23 से 31 मई तक स्कूलों में छुट्टी का ऐलान कर दिया गया है.