मुजफ्फरनगर में खड़े ट्रक में घुसी कार, चेयरमैन के चचेरे भाई-भाभी की मौत

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर-शामली मार्ग पर पीनना बाईपास के निकट तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुस गई। कार सवार जलालाबाद नगर पंचायत चेयरमैन के चचेरे भाई और भाभी की मौत हो गई, वहीं मौसी घायल हो गई।

आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने दौड़कर दोनों शव के साथ घायल महिला को कार से निकाल लिया, तभी कार में आग लग गई। सभी लोग मेरठ में चिकित्सक के यहां दवाई लेने जा रहे थे।

जनपद शामली के थानाभवन के कस्बा जलालाबाद के चेयरमैन जहीर मलिक के चचेरे भाई 35 वर्षीय नाजिम पुत्र सलीम, अपनी भाभी 38 वर्षीय रजिया पत्नी अलीम अहमद तथा 50 वर्षीय मौसी नाजो पत्नी अकरम के साथ स्विफ्ट कार में सवार होकर मंगलवार दोपहर लगभग सवा 12 बजे जलालाबाद से मेरठ चिकित्सक के यहां दवाई लेने जा रहे थे। कार नाजिम चला रहे थे।

बुढ़ाना मोड़ पुलिस चौकी के निकट पीनना बाईपास पर पहुंचे तो संतुलन बिगड़ने के कारण कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुस गई। हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होने पर वह खेत में जाकर पलट गई।

घायलों में चीख-पुकार मचने पर आसपास खेतों में काम कर रहे किसान और लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। लोगों ने किसी तरह तीनों लोगों को कार से बाहर निकाला, लेकिन नाजिम और रजिया की मौके पर ही मौत हो गई तथा मौसी नाजो गंभीर रूप से घायल हो गई।

तीनों को कार से बाहर निकलते ही उसमें तेज धमाके के साथ आग लग गई। सीएनजी का टैंक फटने के कारण आग लगना बताया जा रहा है। तत्काल एसएसपी संजय कुमार वर्मा नगर कोतवाली इंस्पेक्टर ब्रजेश शर्मा और दमकल ने आग पर काबू पाया।

एसएसपी ने बताया कि जिस ट्रक से कार टकराई है, वह हादसे से लगभग 15 मिनट पहले ही खराब होने पर सड़क किनारे खड़ा किया गया था। दोनों शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया गया है। घायल महिला को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया है। हादसे के बाद शामली मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया। लगभग एक घंटे तक आवाजाही प्रभावित रही।