मशीन में घास काटते करंट की चपेट में आई सास और बहू! एक की मौत, दूसरी अस्पताल में….

बिलासपुर : बिलासपुर जिला के सदर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत मैहथी के ढडोग गांव में दर्दनाक घटना घटी है जहां करंट की चपेट में आने से सांस की मौत हो गई, जबकि बहू की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसा तब हुआ जब शकुंतला देवी (73) पत्नी वंशी और उनकी बहू सुनीता देवी पत्नी बृज लाल मशीन में पशुओं के लिए घास काट रही थी।

इसी दौरान अचानक ही शकुंतला देवी और सुनीता देवी को करंट का जोरदार झटका लग गया जिसके चलते वह मौके पर ही बेहोश हो गई। परिवार के बाकी सदस्यों को जब हादसे का पता चला तो वह मौके पर पहुंचे। इसके बाद दोनों सास बहू को बेहोशी की हालत में एम्स बिलासपुर लाया गया जहां पर पहुंचने से पहले ही शकुंतला देवी दम तोड़ चुकी थी।

इसके अलावा हादसे में घायल हुई सुनीता देवी का अस्पताल में उपचार चल रहा है। हालांकि राहत की बात यह है कि सुनीता देवी की हालत अभी खतरे से बाहर है। उधर, डीएसपी बिलासपुर मदन धीमान ने जानकारी देते हुए बताया कि करंट लगने से एक महिला की मौत हुई है जबकि दूसरी महिला का अस्पताल में उपचार चल रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। इसके साथ ही मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।