पटना. बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को देश की राजधानी दिल्ली में सरकारी आवास आवंटित किया गया है. केंद्र सरकार की ओर से उन्हें लुटियंस दिल्ली के वीवीआईपी इलाके कामराज लेन स्थित बंगला नंबर-6 दिया गया है. मुख्यमंत्री बनने के बाद दिल्ली में यह उनका आधिकारिक आवास होगा, जहां वे राजधानी दौरे के दौरान ठहर सकेंगे और सरकारी बैठकों का संचालन भी कर पाएंगे. दिल्ली का 6, कामराज लेन लुटियंस जोन का बंगला है, जो एक उच्च श्रेणी (टाइप-8) का आवास है.
जानकारी के मुताबिक कामराज लेन दिल्ली के उन खास इलाकों में गिना जाता है, जहां केंद्रीय मंत्रियों, पूर्व मुख्यमंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं के सरकारी आवास स्थित हैं. ऐसे में बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर सम्राट चौधरी को यहां बंगला आवंटित किया जाना राजनीतिक और प्रशासनिक रूप से अहम माना जा रहा है. बता दें, इससे पहले 6 कमराज लेन बंगला बिहार के पूर्व सीएम नीतीश कुमार को आवंटित था. लेकिन, राज्यसभा सांसद बनने के बाद नीतीश कुमार को दिल्ली का 9, सुनहरी बाग रोड बंगला आवंटित किया गया है.
वहीं अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दिल्ली दौरे के दौरान 6 कामराज लेन में रहेंगे. बतया जा रहा है कि जल्द ही इस नए आवास का उपयोग शुरू कर सकते हैं. दिल्ली प्रवास के दौरान अब उन्हें अलग से सरकारी गेस्ट हाउस या अस्थायी आवास पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. माना जा रहा है कि बिहार से जुड़े विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों के कामकाज और बैठकों के लिहाज से भी यह आवास काफी सुविधाजनक रहेगा.
बता दें कि हाल ही में बिहार की राजनीति में बड़े बदलाव के बाद सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली है. इसके बाद से वे लगातार दिल्ली और पटना के बीच सक्रिय हैं. ऐसे में राजधानी दिल्ली में आधिकारिक बंगला मिलने को उनके बढ़ते राजनीतिक कद से भी जोड़कर देखा जा रहा है. बता दें, फिलहाल पटना में सीएम सम्राट चौधरी को लोक सेवक आवास आवंटित किया गया है, जिसे सीएम हाउस भी कहा जाता है. पहले इस बंगले को 1 अणे मार्ग के नाम से जाना जाता था.