हिमाचल में बनी बुखार, एलर्जी सहित 54 दवाओं के सैंपल फेल! कंपनियों को नोटिस

सिरमौर : हिमाचल प्रदेश के लोगों के स्वास्थ्य के साथ एक बार फिर से बड़ा खिलवाड़ किया गया है। हिमाचल में बनी बुखार, एलर्जी, संक्रमण, उच्च रक्तचाप, आंख व कान में डालने वाली दवा सहित 54 दवाओं के सैंपल फेल पाए गए हैं जिससे लोगों में भी हड़कंप मचा हुआ है। केंद्रीय दवा मानक नियंत्रण संगठन (C.D.S.C.O.) ने ड्रग अलर्ट जारी किया है। CDSCO की ओर से देशभर में बनी दवाओं के सैंपल लिए गए थे जिनकी जब रिपोर्ट आई तो उसमें 143 दवाइयां मानक पर खरी नहीं उतरीं। इनमें अकेले हिमाचल में बनी 54 दवाइयों के सैंपल फेल पाए गए हैं।

उधर, राज्य दवा नियंत्रक मनीष कपूर ने कहा कि जिन दवाओं के सैंपल फेल हुए हैं। उन्हें नोटिस जारी कर बाजार से स्टॉक वापस मंगवाया जाएगा। जिन कंपनियों के सैंपल बार-बार फेल हो रहे हैं, उन पर नियमों के तहत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

यह सैंपल हुए फेल
बद्दी के एलिफिकेयर कंपनी की गाबा पैंटिन कैप्सूल आईपी-300 के चार सैंपल और कैल्शियम व विटामिन डी-3, झाड़माजरी के बायोजैनेटिक लाइफ साइंस के ब्रूफिन के तीन सैंपल, सोलन के कायलर स्थित वॉट्स फार्मा कंपनी की एजेफॉल एक्स टी, बद्दी स्थित कलिंगा हेल्थकेयर की मिग्नैप डी और जोरासैफ-500, सोलन के नगाली स्थित रोमा फार्मा कंपनी की कैल्शियम, मैग्नीशियम, जिंक, विटामिन डी-3 टेबलेट, डेक्लोफेनिक व मिथाइलप्रेडनिसोलोन के सैंपल फेल हुए।

परवाणू की एनडीबी कंपनी की आईड्रॉप, परवाणू के मोरपेन कंपनी की एम्लोपेन 2.0 टेबलेट, सिरमौर के कालाअंब की एडबिन फार्मा की अन्सीसेफ-20 टेबलेट, बद्दी की रेबेंटीज हेल्थकेयर की जोनेक पी टेबलेट, बद्दी के लोधीमाजरा की सेंट क्योर प्राइवेट लिमिटेड की क्लोपिरेस-75 टेबलेट, बद्दी की एफी ट्रेंलेंटलर्स कंपनी की टेल्मीसार्टन और केटोकोनाजोल टेबलेट के सैंपल फेल हुए।

झाड़माजरी बद्दी की लाइफ विजन हेल्थकेयर कंपनी रिब्जाइल-40 एलएस, बद्दी की सिग्मा सॉफ्टजेल एंड फार्मूलेशन कंपनी की रेमिप्राजोल कैप्सूल, झाड़माजरी की इनोवा कैप्टेब लिमिटेड कंपनी की रेन्टेग आरडी कैप्सूल, कुमारहट्टी की एजोर्ट लाइफ साइंस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की इटॉक टीएच-4 टेबलेट, सिरमौर के पांवटा साहिब की लैबोरेट फार्मास्यूटिकल की डिको आंख व कान की दवा के सैंपल फेल हुए।

ऊना जिला के टाहलीवाल स्थित बीटामैक्स कंपनी की वॉल्सटैक-500 टेबलेट, बद्दी के जुडीकलां की आईबीएन हर्बल कंपनी की वोमीबेन एमडी के सैंपल भी मानकों पर खरे नहीं उतरे। ऊना के हरोली मेफ्रो आर्गेनिक की पैरासिटामोल, नाहन के कालाअंब की एसबीएस बायोटेक का लोराजेमपम टेबलेट, झाड़माजरी की एसीएमपी लेफिटैक कंपनी जैम्प्राजोल सोडियम कैप्सूल के सैंपल फेल हुए।

कांगड़ा के इंदौरा की सैम्रबीर बायोटैक का लोशन लूनिक्स, नालागढ़ के सायनीमाजरा की हिंदुस्तान एंटीबायोटिक्स लिमिटेड एमोक्सीलीन व पोटाशियम केल्बोनेट, सोलन के सपरून में वी लैबोट्री की कैल्शियम व विटामिन डी-3 के दो सैंपल, नालागढ़ के मायशा लाइफ साइंस की उल्सोडियोकोलिक एसिड समेत कई अन्य कंपनियों के सैंपल फेल हुए हैं।