Uttar Pradesh News Live: यूपी में आधी रात के बाद आए तूफान ने हमीरपुर में तांडव मचाया है। यहां बेतवा नदी पर बन रहा पुल ढह गया है। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई है। छह लोग घायल हैं। कुछ लोग पिलर पर फंसे हुए हैं।
यूपी के सहारनपुर में शाकंभरी देवी सिद्धपीठ में देर रात अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी। पहाड़ों पर हुई तेज बारिश के बाद अचानक भारी जलराशि नीचे उतर आई, जिसने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक महिला की मौत हो गई।
तेज आंधी-बारिश के बीच ताड़ के पेड़ पर गिरी आकाशीय बिजली, धू-धू कर जला पेड़
कुशीनगर जिले में शुक्रवार की भोर में अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। तेज आंधी, गरज-चमक और झमाझम बारिश के बीच कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हो गया। कहीं पेड़ गिरने तो कहीं बिजली के पोल क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली। इसी बीच रामकोला थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बसडिला के लाला टोला में आकाशीय बिजली गिरने से अफरा-तफरी मच गई।
सुबह करीब साढ़े पांच बजे गांव निवासी लधन श्रीवास्तव के घर के पास स्थित एक तरकुल (ताड़) के पेड़ पर कड़कड़ाती बिजली गिर गई, जिससे पेड़ में आग लग गई और वह धू-धू कर जलने लगा। घटना को देख आसपास के लोग दहशत में आ गए और घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। हालांकि, इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
तेज आंधी-पानी से रेलवे ट्रैक पर गिरा पेड़, ट्रेनों का आवागमन हुआ प्रभावित
देवरिया में तेज आंधी-पानी की वजह से गौरीबाजार-चौरीचौरा के बीच रेलवे ट्रैक पर पेड़ व बिजली का तार गिर गया जिससे ट्रेनों का आवागमन बाधित रहा। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद ट्रैक से गिरे वृक्षों की टहनियों व तारों को हटाने के बाद ट्रेनों का आवागमन शुरु हो सका।
शुक्रवार सुबह तेज आंधी पानी की वजह से गौरीबाजार के पूर्वी रेलवे ढाले के समीप ट्रैक पर पेड़ की डाल गिर गई। मिली जानकारी के मुताबिक़ इसके चलते दादर, कृषक एक्सप्रेस, जनसेवा एक्सप्रेस ट्रेनों का आवागमन बाधित रहा। करीब तीन घंटे तक की मशक्कत के बाद ट्रैक पर गिरे पेड़ व बिजली के तारों को हटाया जा सका तब जाकर ट्रेनों का आवागमन शुरू हो सका।
तेज आंधी से टीनशेड पर गिरा पेड़, दबने से मां की मौत बेटी गंभीर
रायबरेली में मिल एरिया थाना क्षेत्र में गुरुवार आधी रात आए तेज आंधी-बारिश ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं । पूरे गौचरा मजरे राही गांव निवासी शकुंतला (51) पत्नी रामऔतार अपनी 19 वर्षीय बेटी शिवानी के साथ घर के बाहर दीवार के सहारे बने टीन शेड के नीचे सो रही थीं। रात करीब तीन बजे तेज आंधी और बारिश के दौरान दीवार के पीछे खड़ा आम का पेड़ अचानक भरभराकर टीन शेड पर गिर पड़ा। हादसे में मां-बेटी दोनों मलबे में दब गईं। चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया।