भोपाल: राजधानी भोपाल के छोला मंदिर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शंकर नगर इलाके में मंगलवार की शाम एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक युवक ने अपनी एक्स गर्लफ्रेंड को सरेराह रोककर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। आरोपी ने युवती को संभलने तक का मौका नहीं दिया और उसके चेहरे, गर्दन, पीठ और हाथों पर एक के बाद एक कई वार किए। घटना के बाद से ही पूरे इलाके में भारी दहशत का माहौल है।
बचाने आई सगी बहन पर भी किया वार
जब बीच सड़क पर चीख-पुकार मची, तो पीड़िता की सगी बहन उसे बचाने के लिए दौड़कर मौके पर पहुंची। सिर पर सवार खून के चलते बेखौफ आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया और चाकू मारकर उसका गाल चीर दिया। सीसीटीवी फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि आरोपी बेहद क्रूरता से दोनों बहनों को लहूलुहान कर रहा है। शंकर नगर जैसे व्यस्त इलाके में शोर सुनकर जब आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुटने लगी, तो आरोपी घबराकर मौके से भाग निकला। लहूलुहान हालत में दोनों बहनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां पूर्व प्रेमिका की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
प्रेम प्रसंग और ब्रेकअप से जुड़ा है मामला
सूचना मिलते ही छोला मंदिर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है, जिसमें आरोपी का चेहरा साफ दिखाई दे रहा है। शुरुआती जांच और पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि यह पूरा मामला प्रेम प्रसंग और हाल ही में हुए ब्रेकअप से जुड़ा हुआ है। आरोपी और युवती के बीच पहले संबंध थे, लेकिन किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद दोनों अलग हो गए थे, जिसका बदला लेने के लिए आरोपी ने यह कदम उठाया।