यूपी के इन तीन जिलों में बसाए जाएंगे तीन नए शहर, जारी किए 225 करोड़

लखनऊ. उत्तर प्रदेश की योगी सरकार शहरी विकास को नई गति देने के लिए कई महत्वाकांक्षी कदम उठा रही है. इसी कड़ी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हुई कैबिनेट बैठक में तीन नए शहर बसाने का फैसला लिया गया. आधुनिक सुविधाओं से युक्त ये शहर आगरा, बरेली और प्रयागराज में बसाए जाएंगे. इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के लिए 225 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी करने को मंजूरी दे दी गई है.

जानकारी के मुताबिक, इन तीनों शहरों में नए विकसित क्षेत्रों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने का लक्ष्य है. आगरा, बरेली और प्रयागराज उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहर हैं, जहां औद्योगिक, पर्यटन और धार्मिक गतिविधियां पहले से ही चल रही हैं. नए शहरों के विकास से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और जनसंख्या के दबाव को बेहतर तरीके से मैनेज किया जा सकेगा.

नक़्शे के लिए नई SoP
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में सिर्फ नए शहरों की मंजूरी ही नहीं दी गई, बल्कि मास्टरप्लान विहीन क्षेत्रों में मानचित्र स्वीकृति की प्रक्रिया को और सरल बनाने के लिए नई एसओपी को भी हरी झंडी दे दी गई है. यह नई व्यवस्था शहरी विकास को गति प्रदान करेगी और प्रशासनिक पारदर्शिता बढ़ाएगी. इससे निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी कम होगी और निवेशकों को आसानी होगी.

सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार पिछले वर्षों से शहरी विकास पर विशेष ध्यान दे रही है. एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट्स और औद्योगिक कॉरिडोर के साथ-साथ अब नए शहरों का विकास इस दिशा में एक और बड़ा कदम है. सरकार का मानना है कि संतुलित शहरीकरण से प्रदेश के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच का अंतर कम होगा और प्रदेश का समग्र विकास भी होगा. नए शहरों की डिटेल्ड मास्टर प्लानिंग जल्द ही शुरू होने की उम्मीद है, जिसमें पर्यावरण संरक्षण, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, ग्रीन स्पेस और बेहतर कनेक्टिविटी को प्राथमिकता दी जाएगी.