पटना: बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की तबीयत खराब हो गई है। उनके बड़े बेटे एवं जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव शनिवार दोपहर को उनसे मिलने पहुंचे। तेज प्रताप ने कहा कि उनकी मां बीमार हैं, इसलिए मिलने आए। दूसरी ओर, लालू परिवार ने सुबह सरकार की ओर से मुहैया कराई गई सुरक्षा को वापस कर दिया। राबड़ी आवास में तैनात गार्ड को लौटा दिया गया। सम्राट सरकार ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और उनकी पत्नी राबड़ी की जेड प्लस सुरक्षा खत्म कर बिहार पुलिस की विशेष सुरक्षा दी थी। तेज प्रताप की सुरक्षा में भी कटौती कर उन्हें सिर्फ एक बॉडीगार्ड दिया गया है।
तेज प्रताप यादव शनिवार को पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी आवास पहुंचे। बहुत देर तक वह अंदर रहे। इसके बाद बाहर निकलने पर उन्होंने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने लालू परिवार द्वारा सरकारी सुरक्षा वापस किए जाने की बात को नकार दिया। साथ ही कहा कि राबड़ी देवी की तबीयत ठीक नहीं है। हालांकि, आरजेडी की ओर से अभी तक राबड़ी देवी के खराब स्वास्थ्य को लेकर कोई जानकारी नहीं दी गई है। बताया जा रहा है कि वह फिलहाल अपने आवास में ही स्वास्थ्य लाभ ले रही हैं।
राबड़ी आवास से निकले तेज प्रताप ने पत्रकारों से कहा, “सिक्योरिटी किसी ने वापस नहीं की है। सुरक्षा गार्ड दबाव में थे। वो बार-बार कमांड दिखा रहे थे कि हमको कमांड काट दिया गया है। माताजी (राबड़ी देवी) ने कोई सिक्योरिटी नहीं हटाई है। वह अस्वस्थ चल रही हैं, उन्हें देखने आया था। बिहार की बहू-बेटियों को सुरक्षा की सबसे ज्यादा जरूरत है। सबसे पहले उनकी सुरक्षा जरूरी है।”
आरजेडी प्रवक्ता बोले- लालू परिवार ने वापस कर दी सुरक्षा
आरजेडी के प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने सुबह मीडिया से बातचीत में कहा कि लालू परिवार के सदस्यों ने सरकारी सुरक्षा वापस कर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बार-बार आरजेडी के शीर्ष नेताओं का अपमान कर रही है, इससे वे आहत हैं। अब आरजेडी के नेता और कार्यकर्ता ही उनकी सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे। सुरक्षा लौटाए जाने के बाद राबड़ी आवास के बाहर आरजेडी के कार्यकर्ता भी जमा हो गए।
बता दें कि दो दिन पहले सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली बिहार सरकार ने लालू परिवार के सदस्यों की सुरक्षा घटा दी थी। लालू यादव और राबड़ी देवी की जेड प्लस सुरक्षा को खत्म कर दिया गया और उन्हें बिहार पुलिस की विशेष सुरक्षा दी गई। इसी तरह जेजेडी चीफ तेज प्रताप यादव की वाई श्रेणी की सुरक्षा भी खत्म कर दी गई। इसके बाद से सियासी घमासान छिड़ा हुई हुआ है।
दूसरी ओर, 10 सर्कुलर रोड आवास खाली करने को लेकर सम्राट सरकार राबड़ी देवी को नोटिस भी दे चुकी है। यह बंगला मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित किया गया है। राबड़ी देवी को बिहार विधान परिषद की नेता प्रतिपक्ष होने के नाते 39 हार्डिंग रोड का बंगला दिया गया है। हालांकि, पिछले दिनों उन्होंने मौजूदा सरकारी आवास खाली करने से इनकार कर दिया था।