छपरा: बिहार के छपरा शहर के भगवान बाजार स्थित सोनार पट्टी में दिनदहाड़े चोरी की एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है.यहां एक ज्वेलरी दुकान में ग्राहक बनकर आए शातिर चोर ने दुकानदार को बातों के जाल में फंसाकर करीब 70 ग्राम सोना पार कर दिया.यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है.
बातों में उलझाया और पार कर दिया सोना
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि एक युवक दुकान पर पहुंचता है और दुकानदार से विभिन्न आभूषण दिखाने की मांग करता है.आरोपी बेहद शातिराना तरीके से दुकानदार को लगातार बातचीत में व्यस्त रखता है और उसका ध्यान भटकाता है.दुकानदार जैसे ही किसी दूसरे काम में व्यस्त होता है, युवक फुर्ती से मंगलसूत्र की लड़ी का पैकेट उठाता है और अपने पर्स में छिपा लेता है.चोरी की इस पूरी वारदात को अंजाम देने के बाद वह बड़ी चालाकी से दुकान से निकल जाता है.
पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद दुकानदार को चोरी का अहसास हुआ और उन्होंने तुरंत सीसीटीवी चेक किया.फुटेज में चोर की करतूत देख वे दंग रह गए.दुकानदार ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी है.पुलिस फुटेज को खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके और उसे जल्द पकड़ा जा सके.