हरियाणा में जून बना सुहाना, लगातार बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी, आज फिर 7 जिलों में अलर्ट जारी

चंडीगढ़: हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पिछले तीन-चार दिनों से मौसम लगातार बदला हुआ है. प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और आंधी-तूफान देखने को मिल रहे हैं. मौसम विभाग ने शनिवार को भी सात जिलों महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है.

तापमान में आई गिरावट:लगातार हो रही बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण प्रदेश के तापमान में कमी दर्ज की गई है. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार गुरुवार की तुलना में शुक्रवार को राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 3.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. यह तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस कम रहा. जून माह में आमतौर पर पड़ने वाली भीषण गर्मी के बीच यह बदलाव लोगों के लिए राहत लेकर आया है.

कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना:मौसम विभाग ने 6 और 7 जून को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है. इसके साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है. विशेष रूप से दक्षिण और पश्चिम हरियाणा के जिलों में मौसम का प्रभाव अधिक देखने को मिल सकता है. विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की है.

सिर्फ तीन शहरों में 40 डिग्री से ऊपर पारा:हालिया बारिश के चलते प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया. शुक्रवार को रोहतक में सबसे अधिक 43.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. वहीं भिवानी और नारनौल में भी पारा 40 डिग्री से ऊपर रहा. इसके अलावा हिसार में 39 डिग्री, अंबाला में 37.3 डिग्री तथा चंडीगढ़ में 36.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.

11 जून के बाद फिर बदलेगा मौसम: मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 6 और 7 जून तक पश्चिमी विक्षोभ का असर बना रहेगा. इस दौरान तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी संभव है, लेकिन कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. इसके बाद 11 जून के आसपास एक बार फिर मौसम करवट ले सकता है और प्रदेश में आंधी-तूफान के साथ बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है.

किसानों को सतर्क रहने की सलाह:मौसम विभाग ने विशेष रूप से महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और दक्षिण हरियाणा के अन्य जिलों के किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है. किसानों को फसलों, कृषि उपकरणों और खुले में रखी कृषि उपज की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करने को कहा गया है, ताकि तेज हवाओं और बारिश से होने वाले संभावित नुकसान से बचा जा सके.