एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, खड़े ट्रक में इतनी तेज घुसी कार बनी कबाडा, 4 की मौत

उन्नाव। उन्नाव के आसीवन क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। प्रयागराज की ओर से आ रही एक पंच कार पीछे से खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात बाधित हुआ। यूपीडा और पुलिस कर्मियों ने क्षतिग्रस्त कार को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।

आसीवन क्षेत्र गांव नंगा खेड़ा के समीप गंगा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार शाम चार बजे 110 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से जा रही कार एक्सप्रेसवे पर खराब खड़े ट्रेलर में जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखचे उड़ गए। हादसे में प्रयागराज के जाफरपुर फूलपुर निवासी 26 वर्षीय उदय सिंह, यहीं के 32 वर्षीय अनुपम गुप्ता, प्रयागराज के जिले के बाबूगंज निवासी 25 वर्षीय विजय और यहीं के 28 वर्षीय अमन की मौत हो गई।

मौके पर पहुंची यूपीडा टीम और पुलिस कर्मियों ने हाइड्रा की मदद से क्षतिग्रस्त कार को हटवाया। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कार में शराब और बीयर की खाली बाेतल, कैन व नमकीन मिलने से कार सवारों के नशे में होने का अनुमान लगाया जा रहा है। एसओ प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।