उत्तराखंड में स्पा सेंटर में देह व्यापार का धंधा, 6 लड़कियां छुड़ाई गईं; 2 ग्राहक सहित 4 लोग गिरफ्तार

हल्द्वानी: हल्द्वानी पुलिस ने तिकोनिया स्थित एमजे द लक्जरी स्पा सेंटर में देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की प्रभारी उपनिरीक्षक सुनीता कुंवर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर स्पा की महिला मैनेजर, एक कर्मचारी और दो ग्राहकों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं छह युवतियों को रेस्क्यू किया गया। स्पा सेंटर का मालिक फिलहाल फरार है।

पुलिस के अनुसार गुरुवार देर शाम दो स्वतंत्र गवाहों को साथ लेकर स्पा सेंटर में छापेमारी की गई। स्पा के दाहिनी तरफ बने कमरों की चेकिंग करने पर एक महिला और पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में मिले। दूसरे कमरे में भी स्थिति ठीक नहीं थी। रिसेप्शन के पास बने कमरे में चार अन्य युवतियां डरी-सहमी बैठी मिलीं। स्पा के कमरों, डस्टबिन और रिसेप्शन काउंटर से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई।

ये भी पढ़ें:पर्यटकों की कार पर चट्टान गिरने से 2 की मौके पर मौत; दारमा घाटी में भूस्खलन
रेस्क्यू की गई युवतियां दिल्ली, पश्चिम बंगाल, मेरठ, नेपाल और उत्तराखंड की रहने वाली हैं। पूछताछ में पीड़िताओं ने बताया कि वे बेसहारा हैं। बच्चों के भरण-पोषण के लिए काम की तलाश में स्पा मालिक राहुल जायसवाल से मिली थीं। आरोप है कि स्पा मालिक राहुल, महिला मैनेजर पूनम और कर्मचारी अतुल ठाकुर ने उनकी मजबूरी का फायदा उठाया और डरा-धमकाकर व पैसों का लालच देकर जबरन इस काम में धकेल दिया।

प्रभारी सुनीता कुंवर ने बताया कि रेस्क्यू की गई सभी छह युवतियों को काउंसलिंग के बाद वन स्टॉप सेंटर हल्द्वानी भेजा गया है। सीओ अमित कुमार सैनी, भोटिया पड़ाव चौकी इंचार्ज कृपाल सिंह भी मौजूद रहे।

यूपी का रहने वाला है स्पा मालिक
मामले में महिला मैनेजर पूनम निवासी चांदनी चौक दिल्ली हाल निवासी दमुवाढूंगा, अतुल ठाकुर स्पा कर्मचारी निवासी राजपुरा हल्द्वानी, नीरज सिंह नेगी ग्राहक निवासी कर्णप्रयाग चमोली, कार्तिकेय गुप्ता ग्राहक निवासी गाजियाबाद यूपी को गिरफ्तार किया है। स्पा का मालिक राहुल जायसवाल निवासी कुशीनगर, यूपी हाल निवासी सरस्वती कॉटेज भट्ट कॉलोनी मुखानी मौके से फरार होने में कामयाब रहा।