पटना: आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की सुरक्षा में कटौती को लेकर सियासी बयानबाजी का सिलसिला जारी है। अब आरजेडी सांसद मीसा भारती ने कहा कि लालू यादव बिना सुरक्षा के बाहर निकले हैं। वे पिछले दो-तीन दिनों से बिना सुरक्षा घेरे के बाहर जा रहे हैं। ऐसे में कुछ अनहोनी हुई तो जिम्मेदार कौन होगा।
मीसा भारती ने कहा कि बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए, अगर लालू यादव के साथ कोई अनहोनी होती है, तो बिहार सरकार को यह तय करना होगा कि इसके लिए कौन जिम्मेदार होगा। क्या मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जिम्मेदारी लेंगे या प्रधानमंत्री मोदी? जब से आधिकारिक सुरक्षा हटाई गई है, आरजेडी कार्यकर्ता ही उन्हें सुरक्षा दे रहे हैं। इसके लिए वो राजद के हर एक कार्यकर्ता का दिल से शुक्रिया अदा करती हैं। लेकिन सरकार को अपनी ज़िम्मेदारी निभानी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि वो सरकार से बस इतना जानना चाहती हैं कि क्या लालू यादव और राबड़ी देवी सुरक्षा के हकदार नहीं है?
इससे पहले 10 जून को राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पटना की सड़कों पर बिना किसी सरकारी सुरक्षा के नजर आए। वह काले रंग की इनोवा गाड़ी में सफर करते दिखे। गाड़ी की आगे वाली सीट पर लालू यादव खुद बैठे थे, जबकि वाहन चालक और दो अन्य लोग उनके साथ मौजूद थे। खास बात यह रही कि उनके साथ कोई सुरक्षाकर्मी दिखाई नहीं दिया।
बताया जा रहा है कि सिंगापुर से इलाज कर लौटने के बाद यह पहला मौका है जब लालू यादव सार्वजनिक रूप से बिना सुरक्षा के बाहर निकले हैं। उनकी यह तस्वीर और वीडियो अब राजनीतिक चर्चाओं का हिस्सा बन गए हैं.
उधर, जब से लालू परिवार ने सुरक्षा वापस करने का फैसला लिया है, तब से राजद के कई नेताओं ने खुलकर नाराजगी जताई है। राजद नेता शक्ति यादव ने खुलकर कहा था कि लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव और पूरे परिवार की सुरक्षा बिहार की जनता करेगी। उन्होंने यह भी चेतावनी दी थी कि अगर इन नेताओं को किसी तरह का नुकसान पहुंचा तो जनता इसका जवाब देगी।